Blog

नशे में धुत कार चालक ने ग्रामीणों को रौंदा, बुजुर्ग की मौत,मां-बेटी घायल

बिलासपुर/जीपीएम। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में तेज रफ्तार ने भीषण सड़क हादसे का रूप ले लिया पेंड्रा-सिवनी मुख्य मार्ग पर स्थित मझगवां गांव के पास बस के इंतजार में सड़क किनारे खड़े कुछ ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसकी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं।

*हादसे के बाद चालक की जमकर पिटाई*

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एमजी हेक्टर कार काफी तेज गति से आ रही थी। बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत था और उसने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को टक्कर मारी और फिर पलट गई।हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाया और शांत करवाया। इसके बाद, पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया और घायल मां-बेटी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

*घायलों को बिलासपुर रेफर, जांच जारी*

इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई मां-बेटी को बेहतर इलाज के लिए तत्काल बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। पेंड्रा थाना पुलिस और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *