नाबालिक बालिकाओं के साथ यौन दुर्व्यवहार का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्रांतर्गत संचालित एक शासकीय विद्यालय के प्रधान पाठक ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।, जिसमें विद्यालय की कुछ छात्राओं ने स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ एवं अनुचित यौन व्यवहार किए जाने संबंधी गंभीर शिकायत प्रस्तुत की थी।मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं बालिकाओं के कथनों के आधार पर आरोपी शिक्षक राम मूरत कौशिक पिता मीतलाल कौशिक, उम्र 55 वर्ष सागरदीप कॉलोनी, उसलापुर मूल निवासी ग्राम ढनढन तखतपुर के खिलाफ सकरी थाना में 24 अप्रैल को विधिवत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था,जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार प्रयास किया। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।