नाबालिगों की जमीन फर्जी दस्तावेज से बेचने का मामला
जीवित व्यक्ति को बताया गया मृत, सकरी थाना में एफआईआर दर्ज
बिलासपुर । सकरी पुलिस ने नाबालिग बच्चों के नाम दर्ज भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचने के गंभीर मामले में अखिलेश पाण्डेय, अनुराग पाण्डेय, अभिषेक पाण्डेय एवं उनके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
दरअसल प्रार्थी मनीष कुमार शुक्ला 44 वर्ष निवासी ग्राम हालाहुली रायगढ़ ने सकरी थाना में रिपोर्ट कराई है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके तीन नाबालिग बच्चे शौर्य शुक्ला 9 वर्ष, कु. परिनिधि शुक्ला 15 वर्ष एवं कु. प्रतिभा शुक्ला 17 वर्ष के नाम मौजा सकरी स्थित खसरा नंबर 258, रकबा 0.1500 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में संयुक्त रूप से दर्ज है। उक्त भूमि पर उनके बच्चों का 1/6 भाग का वैधानिक अधिकार है, जो उन्हें उनकी मृत माता स्व. अमिता शुक्ला के माध्यम से नाना पक्ष से उत्तराधिकार में प्राप्त हुआ है। अमिता का निधन 4 अप्रैल 2018 को हो चुका है। प्रार्थी के अनुसार,अप्रैल 2025 में राजस्व दस्तावेजों की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि उक्त भूमि को 9 अक्टूबर 2023 को अवैधानिक रूप से विक्रय कर दिया गया। विक्रय पत्र की सत्य प्रति प्राप्त करने पर यह सामने आया कि आरोपियों ने मनीष शुक्ला को मृत बताकर झूठा शपथ पत्र प्रस्तुत किया और आरोपी अखिलेश पाण्डेय ने स्वयं को नाबालिग बच्चों का वली मतलब अभिभावक बताकर षड्यंत्रपूर्वक भूमि का पंजीकृत विक्रय कर दिया। आरोप है कि विक्रय से प्राप्त राशि को सभी आरोपी आपस में बांटकर नामांतरण भी करा चुके हैं। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 464, 467, 468, 471 एवं 34 के तहत
अपराध दर्ज कर लिया है तथा दस्तावेजों की जांच और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
फर्जी तरीके से जमीन की धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू
सकरी पुलिस ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर अपराध दर्ज कर जमीन की फर्जी तरीके से धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।इए शामिल और साथ देने वाले आरोपियों से भी पूछताछ होगी।इसमें जो भी शामिल होगा उनका भी नाम जुड़ सकता है।इसलिए इसमें बारीकी से जांच करके कार्रवाई की जाएगी।