पुलिस ने कब्र से निकाला विवाहिता का शव,पीएम बताएगा सच….लव मैरिज की जया सांडे की रहस्यमयी मौत, कब्र से पीएम टेबल तक पहुँचा मामला

मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई,पीएम के लिए शव को भेजा सिम्स
बिलासपुर चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंदेला गांव में एक प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। प्रेम विवाह के पाँच साल बाद 23 वर्षीय जया सांडे की अचानक हुई मौत ने परिवार और गांव दोनों को झकझोर दिया है। वहीं मायके पक्ष के आरोपों ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दफनाने के दस दिन बाद पुलिस को कोर्ट के माध्यम से कब्र खुदवाकर शव बाहर निकालना पड़ा। ताकि पोस्टमार्टम के जरिए असली वजह सामने आ सके।

दरअसल पूरी घटना 27 नवंबर की है। जया सांडे सुबह घर के सामान्य कामकाज में व्यस्त थी। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। उसने ससुराल वालों को जानकारी दी और आराम करने चली गई। परिवार के लोग जब कुछ देर बाद उसे देखने पहुंचे, तो जया मृत मिली। सूचना मिलते ही पड़ोसी और ग्रामीण जुट गए, जबकि खबर पाकर मायके पक्ष भी तत्काल गांव पहुंच गया।जया की मौत को लेकर मायके वालों ने शुरुआत से ही संदेह जताया। उनका कहना था कि जया की मौत न तो सामान्य लग रही है और न ही परिजन इसके कारणों पर स्पष्ट जानकारी दे रहे थे।

आरोपों और तनावपूर्ण माहौल के बीच ग्रामीणों ने सलाह दी कि मायके वाले पुलिस से शिकायत करें। हालांकि हंगामे के बाद भी दोनों पक्षों की सहमति से जया को दफन कर दिया गया। लेकिन अंतिम संस्कार के बाद भी मायके पक्ष का शक कम नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने चकरभाठा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए जया की हत्या का आरोप लगाया और कहा कि सच्चाई को छिपाने के लिए जल्दबाजी में दफनाया गया है।

परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेकर पुलिस एसडीएम से अनुमति लेकर कब्र से लाश को निकाला
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी से कब्र खोलने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने पर राजस्व अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में कब्र खुदवाई गई और शव बाहर निकाला गया।
शव को सिम्स अस्पताल भेजा गया है, जहाँ मेडिकल टीम पोस्टमार्टम करेगी।
*पुलिस बोली,पीएम रिपोर्ट के बाद खुलासा होगा कि हत्या है या कुछ और*
चकरभाटा पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जया की मौत प्राकृतिक थी, आत्महत्या का मामला था या फिर यह किसी आपराधिक साजिश का परिणाम। वहीं, आरोपों और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
जया की रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े किए
23 वर्षीय जया की रहस्यमयी मौत ने बुंदेला गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रेम विवाह के बाद सामान्य जीवन जी रही जया के अचानक यूं चले जाने ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। अब पूरा गांव और दोनों परिवार पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जो इस रहस्य से पर्दा उठाएगी और सच्चाई के रास्ते को स्पष्ट करेगी।
पांच साल पहले जया की थी प्रेम विवाह
पुलिस ने बताया कि जया और गांव के अर्जुन नाम के युवक का प्रेम प्रसंग था।दोनों ने चुपके से बिना बताए शादी कर ली,उसके बाद दोनों एक साथ रहने लगे,पांच साल बाद अचानक ऐसा क्या हुआ कि अचानक उसकी मौत हो गई।
वर्जन
मायके वालों की शिकायत पर एसडीएम से अनुमति लेकर कब्र से शव को निकाला गया है।पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा,की मौत कैसे हुई थी
उत्तम साहू
टीआई चकरभाटा थाना