नौकरी दिलाने के नाम पर 50 लाख की ठगी का खुलासा
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर छह लोगों से वसूले लाखों, चार आरोपियों पर एफआईआर
बिलासपुर।सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोपियों ने सहायक अभियंता की पोस्ट पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर छह लोगों से करीब 50 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगी का शिकार बने लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक,मनीषा सिंह और रजत गुप्ता ने मिलकर सहायक अभियंता की नौकरी का प्रलोभन दिया और लाखों रुपये वसूले। इतना ही नहीं, इन पैसों के बदले फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिए। इस गिरोह में रिया और एक देशमुख नामक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है।पुलिस जांच में यह भी पता चला कि फर्जी नियुक्ति पत्र रजत गुप्ता के नाम से बनवाए गए थे और इस पूरे फर्जीवाड़े की सूत्रधार मनीषा सिंह मानी जा रही है। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेज कर दी है।पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द ही इस गैंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। अब देखना होगा कि लाखों रुपये गंवाने वाले पीड़ितों को कब न्याय मिल पाता है।
वर्जन
नौकरी का मामला गंभीर है।इसलिए इसकी बारीकी से जांच करके कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
एसआर साहू
टीआई थाना सिविल लाइन