नौ मजदूर ठगे गए—होटल मालिक पर डेढ़ महीने की सैलरी रोकने का आरोप…

नाश्ते तक के पैसे नहीं बचे, मजदूर पहुंचे एसपी ऑफिस—प्रबंधन पर गंभीर आरोप
बिलासपुर । नौ मजदूरों ने एक होटल मालिक और मैनेजर पर डेढ़ महीने की सैलरी हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। मजदूरों का कहना है कि उनसे होटल का पूरा किचन काम करवाया गया, लेकिन मेहनताना तक नहीं दिया गया। हालात इतने खराब हो गए कि गुरुवार सुबह उनके पास नाश्ते तक के पैसे नहीं बचे और मजबूरन वे सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गए….
दरअसल लखनऊ और बाराबंकी के ये सभी मजदूर बिलासपुर के रामा सेतु पुल के पास एक होटल में काम कर रहे थे। आरोप है कि होटल मालिक जीतू शर्मा और मैनेजर अंकिता प्रसाद ने डेढ़ महीने से उनकी तनख्वाह रोक रखी है। मजदूरों का दावा है कि बीच-बीच में सिर्फ दो बार 20-20 हजार रुपये देकर उन्हें बहलाया गया, जबकि उनकी कुल बकाया मजदूरी 20 से 30 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है। मजदूरों का कहना है कि उन्हें रोज 1100 रुपये देने की बात कही गई थी, लेकिन न रोज का पैसा मिला और न ही समय पर मजदूरी। कई दिनों से “चेक पास नहीं हुआ”, “आज आना”, “कल आना” जैसे बहाने मिलते रहे और आखिरकार स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गुरुवार सुबह उनके पास नाश्ते तक के पैसे नहीं बचे,शिकायत के अनुसार, जब मजदूर कई दिनों की टालमटोल से तंग आकर होटल पहुंचे तो प्रबंधन ने उन्हें वापस भेज दिया और कथित तौर पर डराने की भी कोशिश की। मजदूरों ने बताया कि इससे पहले उन्होंने जहां भी काम किया—उन्हें कभी भुगतान को लेकर परेशानी नहीं हुई, लेकिन इस बार उन्हें गुमराह भी किया गया और बिना पैसे के रहने की नौबत भी आ गई। फिलहाल, मजदूरों द्वारा की गई शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।