पंजाबी क्रिकेट लीग सीजन-4 का सफल आयोजन, छाबड़ा ईगल्स बनी विजेता
गांधी चौक मिनी स्टेडियम में खेल भावना का उत्सव, बड़ी संख्या में समाजजन रहे शामिल
बिलासपुर।विभिन्न समाजों द्वारा समाज में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, ताकि समाज के सदस्य खेलों से जुड़ें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। इसी कड़ी में गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम में पंजाबी क्रिकेट लीग सीजन-4 का आयोजन 21 से 25 जनवरी तक सफलतापूर्वक किया गया। इस पांच दिवसीय क्रिकेट लीग में खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।इस लीग में पुरुष वर्ग की 12 टीमें, महिला वर्ग की 8 टीमें और बच्चों की 6 टीमें बनाई गई थीं। सभी वर्गों में लीग व नॉकआउट आधार पर रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। 25 जनवरी को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद फतेह राइडर्स और छाबड़ा ईगल्स की टीमें फाइनल में पहुंचीं।फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छाबड़ा ईगल्स की टीम ने निर्धारित ओवरों में 119 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फतेह राइडर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 80 रन ही बना सकी। इस तरह शानदार प्रदर्शन के साथ छाबड़ा ईगल्स ने पंजाबी क्रिकेट लीग सीजन-4 का खिताब अपने नाम किया।फाइनल से पूर्व सद्भावना मैच का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों के सदस्यों ने सहभागिता कर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी श्री मंजीत सिंह गुंबर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।इस मौके पर छत्तीसगढ़ क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी जी भी मौजूद रहे जिन्होंने आयोजकों और खिलाड़ियों के इस बेहतरीन आयोजन के लिए हौसलाफजई की। आयोजकों ने बताया कि अगले वर्ष इस प्रतियोगिता को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्तर पर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।