पति का अवैध संबंध, मारपीट से तंग पत्नी ने की आत्महत्या, आरोपित गिरफ्तार

बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में रहने वाले युवक का दूसरी महिला से अवैध संबंध था। इसके चलते वह अपनी पत्नी से मारपीट करता था। मारपीट से तंग महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक साल तक चली जांच के बाद पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली सीएसपी आइपीएस अक्षय प्रमोद सबद्रा ने बताया कि एनई कालोनी में रहने वाली विनीता साहनी(37) ने छह अप्रैल 2024 को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। महिला के पिता राजकुमार साहनी ने इसकी शिकायत तोरवा थाने में की। पूछताछ में पिता और भाई विपिन साहनी ने पुलिस को बताया कि विनीता का पति ओब्रे हेल(40) का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था और वह अक्सर विनीता के साथ मारपीट करता था। उसने इसकी जानकारी मरने से पहले अपने मायके वालों को भी दी थी। पुलिस ने अपनी जांच आगे बढ़ाते हुए महिला के मोबाइल की जांच कराई। इसमें प्रताड़ना के कई साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपित पति ओब्रे हेल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।