पहचान वाले ने विश्वास की आड़ में महिला से उड़ाए 7.94 लाख

पूर्व सहकर्मी बना साइबर क्रिमिनल
सिविल लाइन थाना में अपराध हुआ दर्ज
बिलासपुर । ऑनलाइन फ्रॉड का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला को उसके पुराने परिचित ने ही साइबर ठगी का शिकार बना दिया। आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए महिला से धीरे-धीरे कर कुल 7 लाख 94 हज़ार रुपये हड़प लिए। मामला सामने आने के बाद सिविल लाइन थाना में एफआईआर दर्ज की गई है
शिकायत के मुताबिक आरोपी एच.टी. चेलानी से पीड़िता की पहचान भोपाल में नौकरी के दौरान हुई थी।आरोपी ने 12 नवंबर को देर रात फोन कर तत्काल पैसे की जरूरत बताई और अलग-अलग खातों में 98 हजार ट्रांसफर करवाए। पीड़िता ने इसे पुरानी जान-पहचान समझकर भेज दिया। लेकिन यह शुरुआत थी अगले दो दिनों में आरोपी बार-बार कॉल करके 50 हजार, 48 हजार और फिर 98 हजार और निकलवाता रहा।फ्रॉड तब और गहरा हुआ जब आरोपी ने पैसा वापस भेज रहा हूँ कहकर पीड़िता के पति के मोबाइल में पेमेंट एप इंस्टॉल कराया और ओटीपी व स्क्रीन शेयरिंग के जरिए खाता कंट्रोल कर लिया। इसके बाद महिला के नाम का मोबाइल नंबर चुपचाप एयरटेल में पोर्ट कराया गया और 20 नवंबर को खाते से एक ही दिन में 5 लाख उड़ा लिए गए।घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता बैंक स्टेटमेंट निकालने पहुंची। ठगी का एहसास होते ही उसने साइबर सेल और थाना में शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खाते, मोबाइल और डिजिटल फुटप्रिंट ट्रेस कर रही है।
वर्जन
महिला के साथ जान पहचान होनें का फायदा उठाकर आरोपी के पहले उधार का बहाना बनाकर उसके बाद ऑनलाइन ठगी कर लिया है।जिसकी जांच की जा रही है।
निमितेश सिंह परिहार
सीएसपी।सिविल लाइन