Blog

पारिवारिक विवाद के बीच सौतेले बेटे ने माँ पर किया चाकू से हमला

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी श्यामता बाई माथुर ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके सौतेले बेटे दिपेन्द्र माथुर ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला किया। घटना 3 सितंबर की शाम करीब 6 बजे की है, जब श्यामता बाई अपने घर के आंगन में टेप नल से पानी भर रही थीं। इसी दौरान दिपेन्द्र माथुर वहां पहुंचा और पानी भरने की बात को लेकर झगड़ा करने लगा। उसने प्रार्थी को गाली-गलौज करते हुए घर से निकालने की धमकी दी। जब श्यामता बाई ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने कमरे से सब्जी काटने वाला चाकू लाकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनकी पीठ पर गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। घटना के समय प्रार्थी का पति उत्तरा माथुर मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद श्यामता बाई ने घटना की जानकारी अपने रिश्तेदार सुरेन्द्र लास्कर को दी और उसके साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी दिपेन्द्र माथुर के खिलाफ धारा अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *