पाली वनमंडल में हाथी ने महिला को कुचलकर मारा, इलाके में दहशत

कोरबा// पाली वनमंडल क्षेत्र के बारी उमराव गांव में बुधवार देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल से भटककर आए एक दतेल हाथी ने गांव में घुसकर एक महिला को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान फुलसुंदरी बाई, पति टिकैत राम के रूप में हुई है।
घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बारी उमराव पंचायत वनांचल क्षेत्र में स्थित होने के कारण आसपास घना जंगल है, जहां हाथियों की मौजूदगी अक्सर बनी रहती है। इसी कारण हाथियों का गांव की ओर आना लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग द्वारा गांव और आसपास के इलाकों में मुनादी कराई जा रही है। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र, पटाखे और अन्य माध्यमों से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय घरों से बाहर न निकलने और हाथी दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।