पीएम और सीएम का बैनर थाना के शौचालय में लगने से मचा बवाल….भाजपाइयों ने जमकर मचाया हंगामा….CSP बोले जांच करके होगी कार्रवाई

सीपत थाना प्रभारी पर लगा गंभीर आरोप
भाजपा नेताओं ने घेरा थाना,जमकर किया हंगामा
एसएसपी ने हटाया थाना प्रभारी को,भेजा सायबर सेल
बिलासपुर। सीपत थाने से एक ऐसी खबर आई, जिसने सोशल मीडिया पर ‘तूफ़ान’ ला दिया। हुआ यूँ कि थाने के शौचालय का टूटा हुआ दरवाज़ा ढँकने के लिए, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के तस्वीरों वाले एक पोस्टर का इस्तेमाल किया गया। चंद ही घंटों में, किसी की नज़र उस पर पड़ी, तस्वीर खींची गई और आज के वायरल युग में यह पूरे राज्य में फैल गया। इसके बाद थाना प्रभारी को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी।और एसएसपी ने तत्काल एक्शन लेते हुए थाना से हटा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार,दीपावली के ठीक एक दिन पहले मतलब रविवार को सीपत थाना में बवाल हुआ जिसमें सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी पर आरोप लगा कि उनके कहने से शौचालय में पीएम और सीएम वाली बैनर को दरवाजे के रूप में लगाया गया है।जिसके कारण छवि धूमिल हुई है और देश के पीएम और सीएम को लेकर इस तरह से उनको अपमानित करने वाली बात हो गई है।जिसको लेकर भाजपाइयों और ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया और सीपत थाना प्रभारी को हटाने और कार्रवाई की मांग की,जिसके कारण माहौल गर्माया रहा।

इसमें भाजपा नेताओं ने गंभीर आरोप लगाया है।उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी और सीएम साय की फोटो वाले बैंड को किसी शौचालय में। नहीं लगाया जाता,लेकिन पुलिस खुद उसको लगाकर उपयोग कर रही है।इधर थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि वे रविवार को एसएसपी से दीपावली मिलन में आए थे,और इसके पहले वे छुट्टी में गए हुए थे,इस बीच क्या हुआ उनको नहीं मालूम,लेकिन जैसे ही उनको मालूम हुआ तो वे तत्काल थाना पहुंचकर इसकी जानकारी लिए,लेकिन कुछ समझ नहीं आया कि किसने क्या किया है।जबकि शौचालय का उपयोग नहीं होता है वो खंडहर है। ऐसी हरकत किसने की है यह नहीं मालूम।

क्या सीपत पुलिस जानबूझकर की,या फिर किसी ने साजिश के तहत ऐसा किया
सीपत थाने के प्रभारी पर हुई कार्यवाही कई सवाल खड़े करती है। यह मानना बचकाना होगा कि थाना प्रभारी ने जान-बूझकर, स्वयं अपने हाथों से यह पोस्टर टॉयलेट के बाहर लगाया होगा। यह किसी मातहत की नासमझी हो सकती है, किसी की खुराफात या फिर बस, एक टूटी हुई चीज़ को ढँकने की आपातकालीन ज़रूरत। जिस पोस्टर को कुछ घंटों बाद कूड़े में फेंक दिया जाना है, क्या उसे इस्तेमाल करना वास्तव में इतना बड़ा राजद्रोह है।

भाजपाइयों ने मचाया हंगामा,थाना प्रभारी पर कार्यवाही करने किया जिद में अड़े रहे
दिवाली के ठीक एक दिन पहले सीपत थाना विवादों में घिर गया। मामला सार्वजनिक शौचालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पोस्टर लगाने से जुड़ा है। सुशासन पखवाड़ा के तहत लगाए गए इस पोस्टर को थाने परिसर स्थित शौचालय में दरवाजा टूटने के कारण अस्थायी रूप से दरवाजे के रूप में लगा दिया गया था। जैसे ही यह बात भाजपा कार्यकर्ताओं तक पहुँची, थाने में हड़कंप मच गया और मामला तूल पकड़ लिया। जानकारी मिलते ही भाजपा जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, सीपत मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, उपाध्यक्ष अभिलेष यादव, वरिष्ठ नेता मन्नू ठाकुर, मदनलाल पाटनवार, बसंत साहु, भाजयुमो अध्यक्ष तुषार चंद्राकर सहित कई कार्यकर्ता थाने पहुँच गए। थाने में पूछताछ के दौरान जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी गोपाल सतपथी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और आपराधिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि थाना परिसर में ही बंद कमरों में बाहरी लोगों को बुलाकर शराबखोरी की जाती है।
भाजपा ने की थाना प्रभारी को हटाने की मांग
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक थाना प्रभारी को हटाकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष शर्मा का आरोप..थाने से हटाया गया शिलालेख, जांच की मांग
भाजपा सीपत मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने आरोप लगाया कि थाना लोकार्पण के दौरान लगाया गया शिलालेख अब परिसर से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई थी और पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन अब तक किसी तरह की कार्यवाही नहीं हुई। दीपक शर्मा ने इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की हैं।
भाजपा नेता और ग्रामीण बोले,पहले भी लगे है आरोप
सीपत थाना पहुंचे
भाजपा नेताओं और ग्रामीणों के सीधे आरोप लगाकर कहा कि सीपत टीआई गोपाल सतपथी पर पहले भी पैसा वसूली और कई गंभीर आरोप लग चुके है।इसके बाद भी एसएसपी ने उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की।जिसकी वजह से उनके हौसले बुलंद रहे और लगातार किसी न किसी तरह विवादों में।बने रहे और सुर्खिया बटोरते रहे।
सीपत थाना पहुंचे सीएसपी,बोले होगी जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी निमितेश सिंह मौके पर पहुँचे और भाजपा कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पोस्टर को शौचालय में लगाने वाले जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। डीएसपी ने मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वर्जन
सीपत थाना प्रभारी का तबादला कर दिया गया है।उनको साइबर सेल भेजा गया है।
रजनेश सिंह
एसएसपी बिलासपुर