Blog

कृषि महाविद्यालय लोरमी के छात्रों ने किया मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय सेंदरी का शैक्षणिक भ्रमण

लोरमी/बिलासपुर, छत्तीसगढ़- ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE) कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, लोरमी – मुंगेली के बी.एस.सी. (कृषि) चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अधिष्ठाता डॉ. एस.एल. स्वामी के मार्गदर्शन में बिलासपुर जिले के सेंदरी स्थित राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह चिकित्सालय वर्ष 2013 में स्थापित हुआ है और छत्तीसगढ़ राज्य का प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य केंद्र है।

भ्रमण के दौरान छात्रों ने चिकित्सालय की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया, जिनमें मनोरोग वार्ड, मनोरंजन कक्ष, पैथोलॉजी एवं एक्स-रे जैसी सुविधाएँ शामिल हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्रों को मानसिक रोगों के उपचार, रोगियों की स्थिति और नशा-उन्मूलन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की दर अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है, जिनमें विशेषकर पुरुषों में मानसिक रोगों की संख्या अधिक पाई जाती है। अधिकांश मामलों में नशा — जैसे खैनी, गुटखा, तंबाकू, चरस तथा सॉल्यूशन जैसे पदार्थ — प्रमुख कारण के रूप में सामने आते हैं।

छात्रों को बताया गया कि मानसिक रोगों का समय पर उपचार अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि रोग जितना पुराना होता है, उसकी चिकित्सा उतनी ही जटिल हो जाती है। कुछ आनुवांशिक व जन्मजात विकारों में दीर्घकालिक दवा एवं विशेष देखभाल की आवश्यकता रहती है।

भ्रमण के दौरान मानसिक रोगियों को प्रदान किए जाने वाले कानूनी अधिकार एवं सरकारी सहायता कार्यक्रमों की जानकारी भी छात्रों ने प्राप्त की। विशेषज्ञों ने सभी से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने व मानसिक रोगियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने की अपील की।

इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को समाज में मानसिक स्वास्थ्य की वास्तविक चुनौतियों को समझने तथा मानव स्वास्थ्य एवं सामाजिक व्यवहार के बीच के संबंधों को जानने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *