16 वर्षों से अनुकंपा नियुक्ति के लिए भटक रहीं संगीता
अब बेटे को नौकरी देने की लगाई गुहार
बिलासपुर।कोटा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम झगरहा निवासी संगीता दुबे पिछले 16 वर्षों से अनुकंपा नियुक्ति के लिए दर-दर भटक रही हैं। मंगलवार को वे साप्ताहिक जनदर्शन में अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और अपने बेटे को टीसीपी श्रेणी में नियुक्त करने की मांग की। संगीता दुबे ने बताया कि वर्ष 2009 में उनके पति, जो शिक्षा विभाग में तृतीय श्रेणी कर्मचारी थे, का निधन हो गया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति के लिए हर स्तर पर आवेदन किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच उन्होंने कठिन परिस्थितियों में परिवार की जिम्मेदारियां निभाई और अपने बेटे की परवरिश की।
अब उनका पुत्र 18 वर्ष का हो चुका है और पढ़ाई पूरी कर चुका है। संगीता चाहती हैं कि उसे टीसीपी श्रेणी में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए ताकि परिवार का जीवनयापन ठीक ढंग से हो सके। उन्होंने कहा कि वर्षों से कार्यालयों के चक्कर काटने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। जनदर्शन में पहुंचकर संगीता दुबे एक बार फिर अपनी पीड़ा कलेक्टर संजय अग्रवाल के सामने रखकर न्याय की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के चलते अब परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और अगर उनके बेटे को नौकरी मिलती है तो उनका परिवार आत्मनिर्भर बन सकेगा।