Blog

पुरानी रंजिश के कारण चकरभाठा निवासी परिवार दहशत में

एसपी कार्यालय पहुंचकर की सुरक्षा की मांग

बिलासपुर ।चकरभाठा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 नगर पालिका बोदरी के निवासी गोपाल प्रसाद पाल और उनका परिवार इन दिनों भारी दहशत में जीवन जीने को मजबूर है।गोपाल पाल अपनी मां और पत्नी के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अपने ऊपर हो रहे लगातार हमलों और धमकियों की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। गोपाल पाल ने अपने आवेदन में बताया कि उनके पड़ोसी लक्ष्मीनारायण यादव, राहुल यादव और दीपक यादव के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश को लेकर आरोपीगण उनके घर में घुसकर जानलेवा हमला कर चुके हैं। गोपाल ने बताया कि कल राहुल यादव ने उनकी मां पर टांगी से हमला करने की कोशिश की, वहीं दीपक यादव ने तब्बल से हमला किया। हालांकि, किसी तरह उनकी मां जान बचाकर कमरे में छिप गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि लक्ष्मीनारायण यादव टांगी लेकर घर के बाहर घूमते हुए उन्हें धमकी देता रहा कि अगर पूर्व में की गई एफआईआर वापस नहीं ली तो वह पूरे परिवार को काट देगा। यह घटना लगातार दो दिनों से हो रही है, जिससे उनका पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने यह भी बताया कि हमलावरों ने कई बार हथियार लेकर घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की है, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास वीडियो के रूप में मौजूद है। गोपाल पाल ने बताया कि इस मामले की जानकारी उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर दी और चकरभाठा थाने में भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई और सिर्फ आपसी समझाइश कर उन्हें वापस भेज दिया। परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार टांगी, तब्बल, सब्बल, हसिया जैसे हथियार लेकर सुबह-शाम उनके घर में घुस आते हैं, जिससे उनके छोटे-छोटे बच्चे भी दहशत में हैं। एसपी से गुहार लगाते हुए गोपाल पाल ने मांग की है कि लक्ष्मीनारायण यादव, राहुल यादव और दीपक यादव के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *