पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ का गांजा जब्त, कंटेनर के गुप्त चेम्बर में छिपा रखा था

कवर्धा।छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। चिल्फी थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक नागालैंड पासिंग कंटेनर को पकड़ा, जिसमें गुप्त चैंबर बनाकर गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, कंटेनर से 30-30 किलो की 30 बोरियों में भरा करीब 9 क्विंटल यानी लगभग 900 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, वहीं कंटेनर की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।

मौके से आरोपी आयाज खान, निवासी भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह खेप ओडिशा से राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य कड़ियों की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
