पूर्ण विकसित एयरपोर्ट के लिए निषाद समाज ने किया भूख हड़ताल

पीएम मोदी से 300 करोड़ अनुदान की मांग
बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को 4C श्रेणी व नाइट लैंडिंग की सुविधा देने की उठी मांग
बिलासपुर । बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट चार वर्षों से अधिक समय से संचालन में है, लेकिन अब तक इसे पूर्ण विकसित एयरपोर्ट का दर्जा नहीं मिल पाया है। इसको 4सी श्रेणी में अपग्रेड करने, नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध कराने और आवश्यक संरचनात्मक विकास के लिए निषाद समाज ने आज एक दिवसीय भूख हड़ताल का ऐलान किया। और निषाद समाज के लोग बड़ी संख्या में हवाई सेवा धरना स्थल पर भूख हड़ताल करके बैठे रहे।जिन्होने हवाई सेवा को पूरी तरह से चालू करने और अन्य कई मुद्दों पर बात की।
दरअसल इस आंदोलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 300 करोड़ रुपये के अनुदान और एयरपोर्ट विस्तार के लिए सेना की जमीन वापस देने की मांग की जा रही है। वर्तमान में बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर सुविधाएं सीमित हैं, जिससे बड़े विमानों की आवाजाही और रात में लैंडिंग संभव नहीं हो पाती। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर एयरपोर्ट को 4 सी श्रेणी में अपग्रेड किया जाता है, तो यहाँ से सीधे बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू हो सकती हैं, जिससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। निषाद समाज के नेताओं ने यह भी कहा कि बिलासपुर संभाग का यह एयरपोर्ट क्षेत्र की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन पर्याप्त बजट और संसाधनों की कमी के कारण इसकी संभावनाओं पर विराम लगा हुआ है। इसी को लेकर निषाद समाज हवाई सेवा समिति धरना स्थल पर आज भूख हड़ताल में बैठे है और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई जा रही है, ताकि सरकार जल्द से जल्द इस एयरपोर्ट के विकास पर ठोस निर्णय ले सके।
भूख हड़ताल में बैठी महिला बोली,केंद्र और राज्य सरकार में भाजपा,फिर भी कमी
महिला निषाद समाज की उपाध्यक्ष ज्योति निषाद बोली कि हवाई सेवा देने के नाम से छलावा किया जा रहा है।केंद्र सरकार ने जिस तरह से वादा किया था उससे अब ऐसा लगता है कि वह वायदे झूठे थे।जिसके कारण अब केंद्र सरकार खुद हवाई सेवा की सुविधा पूरी तरह से नहीं देना चाहती है।अगर ऐसा रहता तो केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है इसे जल्द पूरा कर देना चाहिए और बिलासपुर के सांसद भी केंद्रीय राज्य मंत्री है जिनके माध्यम से आवाज केंद्र तक जानी चाहिए।
निषाद समाज बोला,जरूरत हुई तो केंद्र सरकार के खिलाफ होगा प्रदर्शन
निषाद समाज के लोग एकजुट होकर बोले,की अगर यही रवैया रहा तो आने वाले दिनों में केंद्र सरकार के खिलाफ दिल्ली में जाकर धरना
प्रदर्शन किया जायेगा।और हवाई सेवा को पूरी तरह से शुरू कराया जाएगा। संभाग का सबसे बड़ा शहर और इस शहर में कई केंद्रीय कार्यालय है इसके बाद भी सुनवाई नहीं होना समझ से परे है।