पूर्व एल्डरमैन पर लगा दुष्कर्म और ठगी करने का आरोप
पीड़ित महिला ने सिरगिट्टी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई
बिलासपुर। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व पार्षद और एल्डरमैन रहे काशी रात्रे पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे मकान दिलाने का झांसा देकर न केवल आठ बार दुष्कर्म किया। बल्कि 50 हजार रुपए भी वसूल लिए। जब महिला गर्भवती हुई तो उसका जबरन गर्भपात भी करवा दिया गया। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है।
38 वर्षीय पीड़िता जो वर्ष 2003 से सिविल लाइन क्षेत्र में अकेले रह रही है। पीड़िता ने बताया कि उसकी जान-पहचान गुरुघासीदास नगर के वार्ड क्रमांक 21 के पूर्व पार्षद काशी रात्रे से थी। महिला ने उसे ‘भइया’ मानकर विश्वास किया। आरोपी ने इसी रिश्ते का दुरुपयोग करते हुए उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा दिया और बार-बार शोषण करता रहा।आवास का फॉर्म भरवाने के नाम पर 20 हजार की मांग की,पीड़िता के अनुसार, 2 मार्च 2022 को वह अपनी सहेली के घर तिफरा गई थी। दोपहर करीब तीन बजे काशी रात्रे वहां पहुंचा और आवास योजना का फॉर्म भरवाने के नाम पर 20 हजार रुपए की मांग की। रकम लेने के बाद आरोपी ने पीड़िता की सहेली को पानी लाने के बहाने रसोई में भेज दिया। इसके बाद वह महिला के कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
गर्भवती होने पर जबरन दवा देकर कराया गर्भपात
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने 20 जनवरी 2025 तक उसे डरा-धमका कर करीब आठ बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने यह बात आरोपी को बताई, तो उसने गर्भपात की दवा देकर जबरन उसका गर्भपात करा दिया। इस दौरान महिला की तबीयत काफी बिगड़ गई थी।
50 हजार की ठगी, मिल रही जान से मारने की धमकी
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 50 हजार रुपए ले लिए। अब वह न सिर्फ महिला को बदनाम करने, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस कार्रवाई जारी
सिरगिट्टी थाना पुलिस ने दुष्कर्म, ठगी और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है।
एएसपी बोली,होगी कार्रवाई,तलाश जारी
एएसपी अर्चना झा का कहना है कि इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।और आरोपी की तलाश की जा रही है।आरोपी जल्द ही पकड़ा जाएगा।