पेंड्रा में प्रेमी जोड़े की आत्महत्या से सनसनी
शादी में देरी से आहत दोनों ने उठाया खौफनाक कदम
बिलासपुर।पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव में प्रेमी जोड़े द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शादी में हो रही देरी से क्षुब्ध होकर दोनों ने यह कदम उठाया। घटना के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।जानकारी के अनुसार युवक की उम्र 18 वर्ष थी। परिजनों का कहना था कि कम उम्र होने के कारण फिलहाल शादी के लिए इंतजार किया जाए। इसी बात को लेकर दोनों मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पहले युवती ने घर में आत्महत्या की, इसके बाद युवक ने भी घर के पास एक पेड़ पर फांसी लगा ली।बताया जा रहा है कि बीते तीन महीनों से दोनों गांव में एक ही घर में साथ रह रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते समझाइश और परामर्श मिलता तो शायद यह दुखद घटना टल सकती थी। यदि कोई भी व्यक्ति मानसिक तनाव में हो तो उसे परिजनों और जिम्मेदार लोगों से बात कर सहायता लेने की जरूरत है।