Blog

मंदिर दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार नाले के पुल के ऊपर से बह रहे तेज बहाव में बहीं, आज किसी तरह बचें,एक मासूम और कार बहाव में लापता

मंदिर दर्शन कर वापस लौट रहे परिवार की कार नाले के ऊपर से बह रहे पानी में पार करने के दौरान पानी के बहाव में असंतुलित होकर बह गई। परिवार के आठ लोग किसी तरह बाहर निकल पाए वहीं तीन वर्षीय मासूम बालक और कार नाले में बह गया।

बिलासपुर। हरेली के पर्व पर मंदिर दर्शन कर वापस लौट रहे ग्रामीणों की कार गुरुवार रात तेज बहाव में बह गई। भारी बारिश के चलते नाले के 3 फीट ऊपर से पानी बह रहा था। जिसे पार करते वक्त पानी के तेज बहाव में कार बह गई। किसी तरह 8 लोग तैर कर निकले वहीं एक तीन वर्षीय मासूम और कार बहाव में लापता हो गया। जिनकी तलाश जारी है। मामला सीपत थाना क्षेत्र की है।

सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में रहने वाले 29 वर्षीय मोहनलाल साहू उर्फ भोला साहू का परिवार हरेली के चलते अपनी पत्नी बच्चों और रिश्तेदारों के साथ सीपत के उच्चभट्ठी स्थित देवी मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। कार में दो महिला,दो पुरुष और पांच बच्चे सवार थे। दर्शन के बाद वापस अपने गांव लौटते समय उन्हें रात हो गई। इस दौरान भारी बारिश के चलते ग्राम झलमला से थोड़ी दूर स्थित तुंगन नाले में पानी का बहाव पुल के तीन फीट ऊपर से बहने लगा। मोहन साहू को लगा कि वह नाला पार कर जाएगा और खतरे को नजरअंदाज कर अपनी वैगन आर कार पुल से पार करवाने लगा। पर पानी के तेज बहाव के चलते कार का संतुलन बिगड़ गया और कार तेज बहाव में बहते हुए नाले में बह गया।

पुल से नीचे गिरकर कार नाले में बहने लगी और लगभग 60 फीट तक पहुंच गई। परिवार के लोगों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर कार का दरवाजा खोला और आठ लोग तैर कर बड़ी मुश्किल से बाहर आ गए जबकि मोहनलाल साहू उर्फ भोला का 3 साल का बेटा तेजस और कार नाले में बह गए। मिली जानकारी के अनुसार तेजस कार में अपनी मां की गोद में बैठा था और उसकी मां ने उसका हाथ मजबूती से पकड़ रखा था। पर पानी में गिरने के बाद पानी के तेज बहाव में मां का हाथ छूट गया और तेजस बह गया। बाहर आकर उन्होंने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण युवा नाले में बच्चे और कार को तलाश करने लगे। सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी भी मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंच गए और एसडीआरएफ को बुलवाया। कल अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही थी। पर आज सुबह से चलाए जा रहे हैं रिस्क अभियान में भी बच्चे और कार का कुछ पता नहीं चल रहा था। आशंका जताई जा रही थी कि मौके से 800 मीटर दूर सेलर एनीकट तक कार और बच्चा बह गया हो। हालांकि सीपत टीआई गोपाल सतपथी से मिली जानकारी के अनुसार थोड़ी देर पहले कार मिल गई है, जिसे पानी से निकाला जा रहा हैं। वहीं बच्चे की तलाश की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *