प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने करवाई थी सुपारी दे पति की हत्या, दो सुपारी किलर समेत चार गिरफ्तार

रेलवे ट्रैक पर मिले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पत्नी ने प्रताड़ना से तंग आकर अपने मामा के साथ मिल सुपारी किलरो को सुपारी दे पति की हत्या करवा दी और पहचान छुपाने सर धड़ से अलग कर दफना दिया। काफी मशक्कत के बाद शव की शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बलौदाबाजार। ग्राम मझगांव में मिले अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पत्नी ने ही लगातार मारपीट और प्रताड़ना से तंग आ सुपारी दे पति की हत्या करवाई थी। फिर लाश की पहचान छुपाने के लिए रेलवे ट्रैक में शव फेंक सर धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने पत्नी, दो सुपारी किलरो समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला हथबंद थाना क्षेत्र का है।

11 जनवरी 2026 की सुबह हथबंद–भाटापारा रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात युवक का बिना सिर का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही थाना हथबंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हो गया था कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को रेलवे लाइन पर लाकर फेंका गया है।

मृतक की उम्र करीबन तीस वर्ष थीं। उसने हल्के नीले रंग की जींस पहन रखी थी और दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में G.K. JOSHI लिखा हुआ गोदना था। इस आधार पर थाना हथबंद में मर्ग क्रमांक 03/2026 दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 20/2026, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल, वैज्ञानिक अधिकारी और थाना हथबंद पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच संभाली। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की पहचान थी। सिर गायब होने के कारण पहचान आसान नहीं थी।
करीब 80 पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल के चारों ओर लगभग 4 किलोमीटर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सिर बरामद नहीं हुआ। इसके बाद आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शव का हुलिया प्रसारित किया गया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी डाटा का विश्लेषण भी किया गया।
चार दिन बाद हुई पहचान:–
लगातार प्रयासों के बाद चार दिन में शव की पहचान गैस कुमार जोशी (39 वर्ष) निवासी ग्राम भोथीडीह, जिला बेमेतरा के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस की जांच ने निर्णायक मोड़ ले लिया। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का मायका ग्राम दरचुरा में है।
इसके बाद पुलिस ने कड़ी दर कड़ी जोड़ते हुए हत्या की साजिश में शामिल लोगों को चिन्हित किया और मृतक की पत्नी सहित चारों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पत्नी ने रची थी हत्या की पूरी योजना:–
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक गैस कुमार अपनी पत्नी कुसुम जोशी के साथ लगातार विवाद करता था। मारपीट और अमानवीय व्यवहार से परेशान होकर कुसुम ने अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने इस योजना में अपने मामा राजेश भारती और दो सुपारी किलर दारासिंह अनंत व करन अनंत को शामिल किया। जिसके बाद पहले भी एक बार हत्या की कोशिश की गई थी, लेकिन असफल रही। इसके बाद 40 हजार रुपए में सुपारी तय कर अंतिम योजना बनाई गई।
पार्टी के बहाने बुलाया, शराब पिलाकर की हत्या:–
योजना के अनुसार कुसुम अपने पति को पार्टी के बहाने मामा के घर ग्राम दरचुरा ले गई। वहां पहले से सुपारी किलर मौजूद थे। रात में गैस कुमार को अत्यधिक शराब पिलाई गई। नशे की हालत में होने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और बेहोश होने पर उसे कार क्रमांक CG22 G 0128 में डालकर ग्राम मजगांव रेलवे लाइन के पास ले जाया गया।
वहीं धारदार तलवार से उसका गला रेत दिया गया। हत्या के बाद धड़ रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया और सिर ग्राम डिग्गी में जमीन में दफन कर दिया गया। घटना के बाद पत्नी ने सुपारी की रकम दोनों किलरों को दे दी।
चार आरोपी गिरफ्तार, टीम को इनाम:–
पुलिस ने इस अंधेकत्ल मामले का खुलासा करते हुए सभी चार आरोपियों को 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, तलवार, मोबाइल फोन सहित अहम साक्ष्य जब्त किए गए हैं। मामले के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने पूरी टीम को 5 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।
गिरफ्तार आरोपी:–
दारासिंह अनंत (44) निवासी ग्राम डिग्गी, थाना भाटापारा ग्रामीण – सुपारी किलर,
करन अनंत (34) निवासी ग्राम बड़े जरौद, थाना भाटापारा ग्रामीण – सुपारी किलर,
राजेश भारती (32) निवासी ग्राम दरचुरा, थाना सिमगा – मामा ससुर,
कुसुम जोशी (35) निवासी ग्राम भोथीडीह, जिला बेमेतरा – मृतक की पत्नी,