फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट से 5 महीने में 17.84 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। तारबाहर में एक शातिर ठग ने थोक अनाज व्यापारी को पिछले 5 महीनों तक फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट भेजकर लाखों रुपए का चावल, दाल और गेहूं मंगवाया। व्यापारी के खाते में जब पैसे नहीं पहुंचे, तो पीड़ित ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया है।
व्यापार विहार स्थित अनाज मंडी के थोक व्यापारी संदीप अग्रहरि को भटगांव, सारंगढ़ निवासी राजेंद्र खांडेकर ‘अक्षांश किराना भंडार’ के नाम से माल मंगवाता था। नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच आरोपी ने कई बार ऑर्डर दिए। हर बार भुगतान के समय वह मोबाइल पर पैसे ट्रांसफर करने का फर्जी स्क्रीनशॉट भेज देता था।
व्यापारी भरोसा कर माल ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजता रहा, लेकिन 5 महीने बाद खातों का मिलान करने पर पता चला कि 17 लाख 84 हजार रुपए का भुगतान हुआ ही नहीं है।
मामले की शिकायत के बाद तारबाहर थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम ने सारंगढ़ के भटगांव में दबिश देकर आरोपी राजेंद्र खांडेकर (32) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने फर्जी स्क्रीनशॉट बनाकर ठगी करने की बात स्वीकार कर ली है।