फर्जी बैंक खातों व मोबाइल नंबर से मैरिज ब्युरो का संचालन कर कुंवारों से ठगी, चार गिरफ्तार

बिलासपुर। मैरिज ब्यूरो संचालकों ने शादी के इच्छुक लोगों को झांसा देकर पैसा वसूली करते थे। आरोपियेां ने ग्राहकों को भावनात्मक रूप से जोडऩे के लिए युवतियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर बात करवाते थे। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
मस्तूरी पुलिस ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों की जांच के दौरान यह पाया कि खाताधारक के नाम पर संचालित खाते का उपयोग अन्य व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा था, जिसमें मैरिज ब्युरो से संबंधित राशि जमा कराई जा रही थी। बिहार निवासी शिकायतकर्ता से विवाह के लिए उपयुक्त वधु उपलब्ध कराने का झांसा देकर 10 हजार रुपए जमा कराया गया, किन्तु राशि प्राप्त होने के बाद कोई सेवा प्रदान नहीं की गई। ठगी का आभास होने पर पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान सरकण्डा क्षेत्र में संचालित एक मैट्रिमोनियल ऑफिस की जानकारी मिलने पर टीम द्वारा मौके पर जाकर कार्रवाई की गई। जहां आरोपी संचालक महारथी साहू (31) निवासी ग्राम सैदा थाना नवागांव जिला जांजगीर-चाम्पा हाल मुकाम लाईफ केयर हॉस्पिटल तोरवा, फुलेश्वर प्रसाद श्रीवास (40) निवासी रामायण चौक चांटिडीह सरकंडा, तरुणा उर्फ सोनु खरे (40) निवासी नंदेश्वर मंदिर के पास चांटिडीह सरकंडा, नीरा बाथम (32)निवासी अशोक नगर खमतराई सरकंडा को गिरफ्तार किया गया।
बेटी कर रही थी मां के नाम के एकाउंट का उपयोग:–
आरोपियों के कब्जे से अब तक 10 कंप्यूटर, 70 मोबाइल, 20 हजार नकद और 5 लाख का सामान जब्त किया गया। जांच के दौरान एक म्यूल बैंक खाते की जांच में पता चला कि सरकंडा निवासी महिला के खाते का उपयोग उसकी बेटी तरुणा उर्फ सोनू खरे के द्वारा किया जा रहा था, जिसमें मैरिज ब्यूरो के नाम पर ठगी की रकम जमा कराई जाती थी।
पैसा लेने के बाद युवती से नहीं मिलायाः–
पटना बिहार निवासी शिकायत कर्ता मिश्रीलाल से भी विवाह हेतु योग्य वधू दिलाने का झांसा देकर 10 हजार रुपए जमा करा लिया गया था। पैसा मिलने के बाद उन्हें विवाह योग्य वधू से नहीं मिलाया गया। इस पर उसे ठगी होने का अहसास हुआ तो उसने ऑनलाईन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराया जो संदिग्ध बैंक खाता जांच हेतु इस इकाई को प्राप्त हुआ।
अन्य इलाकों में भी जांच जारीः–
पुलिस ने बताया कि शहर के अन्य इलाकों में संचालित ऐसे फर्जी मैरिज ब्यूरो की भी जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में बीएनएस की धारा 318 (4) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने की नकद पुरस्कार की घोषणाः–
उक्त कार्रवाई में एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, सरकण्डा टीआई प्रदीप आर्य, उपनिरीक्षक संतरा चौहान, सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश्वर क्षत्री, प्रभारी एसीसीयू निरीक्षक तोप सिंह नवरंग, उप निरीक्षक हेमन्त आदित्य, प्रधान आरक्षक आतिश पारिक, आरक्षक नवीन एक्का, गोविन्द शर्मा को एसएसपी द्वारा नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।