फाइव वर्किंग डे के तिलांजलि की शुरुआत,डीजीपी की पहल पर शनिवार की छुट्टियां पीएचक्यू में हुई रद्द
फाइव वर्किंग डे के कल्चर को खत्म करने के लिए पुलिस मुख्यालय से शुरुआत हो गई है। डीजीपी की पहल पर शनिवार को भी कार्यालय लगाए जाने हेतु एडीजी प्रशासन ने आदेश जारी किया है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार की छुट्टियों के चलते बेपटरी हुई कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। डीजीपी के आदेश पर पुलिस मुख्यालय में शनिवार की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। एडीजी प्रशासन एसआरपी कल्लूरी ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कार्यालयीन कार्यों की महत्ता एवं संवेदनशीलता को दृष्टिगत में प्रकरणों के निराकरण किया जाना आवश्यक है। इस हेतु पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा शनिवार के दिन भी पुलिस मुख्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक शासकीय कार्यों के निर्वहन हेतु निर्देशित किया गया है। अतएव आप अपनी शाखा में प्रत्येक शनिवार को संरचनात्मक उपस्थिति करते हुए महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों से संबंधित शाखा प्रभारी को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने हेतु निर्देशित करने का कष्ट करें। साथ ही पर्यवेक्षण हेतु सहायक पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी को भी शनिवार के दिन कार्यालय में उपस्थित होने हेतु निर्देशित करने का कष्ट करें।
बता दे कि 5 वर्किंग डे के चलते शासकीय कार्यालयों में बुरी तरह बेपटरी हो गई है। मुख्यालयों से बाहर जिन अधिकारी कर्मचारियों के गृह नगर है वे शुक्रवार को हाफ डे में ही निकल जाते हैं। इसके बाद सोमवार को दोपहर तक कार्यालय पहुंचते हैं। शनिवार की छुट्टी की भरपाई के लिए सुबह दस बजे से ऑफिस लगाए जाने का आदेश हुआ था पर इसका कोई औचित्य नहीं निकला। ऑफिसों में वर्क कल्चर सिर्फ तीन दिनों का रह गया है। अब पुलिस मुख्यालय से इसे सुधारने की कवायद शुरू हो गई है।