Blog

फालूदा पार्टी के लिए हाई स्कूल 1 घंटा पहले बंद! प्रिंसिपल पर गिरी गाज, DEO ने जारी किया नोटिस

पचपेड़ी (मस्तूरी): शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में जिम्मेदारियों की जगह लापरवाही का नज़ारा देखने को मिला। मस्तूरी ब्लॉक के लोहर्सी हाई स्कूल के प्रिंसिपल सी.आर. कश्यप पर फालूदा पार्टी के लिए स्कूल को समय से एक घंटा पहले बंद करने का आरोप लगा है।
पत्रकारों द्वारा बनाई गई वीडियो फुटेज में प्रिंसिपल और स्टाफ के शिक्षक चिल्हाटी चौक में फालूदा खाते नजर आए, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) विजय टांडे ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रिंसिपल को नोटिस जारी कर दिया है।


पूरा मामला

मामला मंगलवार का है, जब ग्रामीणों ने पत्रकार को सूचना दी कि लोहर्सी हाई स्कूल के प्रिंसिपल सी.आर. कश्यप ने करीब 3 बजे स्कूल बंद करा दिया, जबकि स्कूल का आधिकारिक समय शाम 4 बजे तक है।
पत्रकार जब स्कूल पहुंचे तो खबर सही निकली, और वापसी के रास्ते में प्रिंसिपल व उनके साथी शिक्षक चिल्हाटी चौक पर फालूदा पार्टी का आनंद लेते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।


ग्रामीणों और अभिभावकों में गुस्सा

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के मुखिया की यह हरकत बेहद शर्मनाक है। सवाल उठता है कि अगर खुद प्रिंसिपल इस तरह का रवैया अपनाएंगे तो शिक्षक स्टाफ क्या सीखेंगे? बच्चों की पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ेगा।


प्रिंसिपल की सफाई

इस विवाद पर प्रिंसिपल सी.आर. कश्यप ने सफाई देते हुए कहा,
“बच्चे किसी कार्यक्रम में मस्तूरी गए थे। 3:20 से 4 बजे तक खेल-कूद का समय था, इसलिए स्कूल बंद करके निकल गया।”
हालांकि उनका यह तर्क ग्रामीणों और अभिभावकों को रास नहीं आया।


प्रशासनिक एक्शन

जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कहा,
“बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही के इस मामले में प्रिंसिपल को नोटिस जारी किया गया है और कार्रवाई तय है।”
वहीं बीईओ मस्तूरी शिवकुमार टंडन ने कहा कि यह मामला जिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में है और कड़ी कार्रवाई के लिए लिखित रिपोर्ट भेजी जाएगी।


📌 बड़ा सवाल:
क्या शिक्षा विभाग में प्रिंसिपलों और शिक्षकों की जवाबदेही सिर्फ नाम भर की रह गई है? बच्चों की पढ़ाई का समय फालूदा पार्टी में खर्च करना कहां तक सही है? यह मामला स्कूलों में चल रही लापरवाही की पोल खोलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *