फिर हाइवा ने गायों को कुचला,नाराज ग्रामीणों ने दिया धरना,मौके पर पहुंचे कलेक्टर–एसपी….नेशनल हाईवे पर लगा रहा जाम,कलेक्टर और एसपी ने दी समझाइश

बिलासपुर। मुंगेली। फिर एक वाहन की चपेट में आकर 15 गायों की मौत हो गई और तीन गाएं घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने बिलासपुर रायपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर कलेक्टर– एसपी ने पहुंच जाम खत्म करवाया।
फिर एक हाइवा ने गायों को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही 15 गौवंशों की मृत्यु हो गई एवं तीन अन्य गौ वंश घायल हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर धरना प्रदर्शन कर दिया। सूचना मिलते ही कलेक्टर एसपी समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा कर धरना खत्म करवाया। मामला सरगांव थाना क्षेत्र का है।

पथरिया विकासखंड के रायपुर– बिलासपुर मार्ग पर स्थित सरगांव के पास बाजार चौक ग्राम किरना में एक वाहन ने गौवंशो को ठोकर मार दिया और फरार हो गया। दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 15 गायों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन गाएं घायल हो गई। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीण नाराज हो गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों के धरना प्रदर्शन के चलते रायपुर बिलासपुर मुख्य मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ,जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ,अपर कलेक्टर गिरधारी लाल यादव,पथरिया एसडीएम अजय कुमार शतरंज समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायल पशुओं को तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्सा को की देखरेख में अस्पताल भेजा। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर उन्हें सरगांव के पास निर्धारित स्थल पर दफनाया गया। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर धरना खत्म करवाया। दुर्घटना स्थल पर सड़क को सफाई करवा यातायात व्यवस्था बहाल की गई।
इस संबंध में जिला प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि घटना की विस्तृत जांच करवाई जा रही है। वाहन चालक के खिलाफ अपराध कायम कर उसकी पतासाजी की जा रही है। मवेशी मालिकों का भी पता लगाया जा रहा है। कलेक्टर एवं एसपी ने इस संवेदनशील घटना को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
20 दिन में तीसरी बड़ी घटना,आंकड़ा 50 पार
बता दे कि पिछ्ले 20 दिनों में 50 से अधिक गाय सड़क हादसे का शिकार हो चुकी हैंl14 जुलाई को तेज रफ्तार वाहन ने 22 गायों को कुचला था, जिसमें 17 की मौत हुई थी। अब 30 जुलाई को, 15 गायों की फिर दर्दनाक मौत हो गयी हैंl।प्रशासन की निष्क्रियता के चलते, 20 दिनों में 50 से अधिक गायों की हाईवे पर मौत हो चुकी है। अगर पूरे साल की बात करें तो बिलासपुर जिले में 100 से अधिक गौवंश सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं।