Blog

फेसबुक लाइव संवाद कार्यक्रम मंथन में 15 नागरिकों ने सीधे अपने सुझाव अमर के समक्ष रखे

बिलासपुर।शहर की प्रगति और समग्र विकास को लेकर नगर विधायक अमर अग्रवाल निरंतर जनता से संवाद स्थापित करते रहे हैं। वे समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से नागरिकों के सुझाव और विचार प्राप्त कर विकास की दिशा तय करते हैं। इसी क्रम में उन्होंने फेसबुक लाइव संवाद कार्यक्रम ‘मंथन’ की शुरुआत की। इसके दूसरे संस्करण में आज अमर अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों के सुझावों और विचारों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिलासपुर को प्रदेश का अग्रणी और आदर्श शहर बनाना है। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में नागरिक जुड़े। लाइव चर्चा के दौरान 15 नागरिकों ने सीधे अपने सुझाव नगर विधायक के समक्ष रखे। सीमा चतुर्वेदी ने “बाल सुरक्षा एवं शिक्षा निगरानी समिति” के गठन का सुझाव दिया। डॉ. मोनिका पाठक ने बिलासपुर को स्वस्थ शहर बनाने की दिशा में नेचुरोपैथी सुविधाओं से युक्त एक उत्कृष्ट योग केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। श्रीमती रश्मि गुप्ता ने अरपा नदी के नाम पर एक गरिमामय लोकमहोत्सव आयोजित करने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त अनेक नागरिकों ने सामाजिक सरोकार, लोकसंस्कृति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। श्री अग्रवाल ने सभी सुझावों की सराहना करते हुए उन्हें गंभीरता से लागू करने की दिशा में पहल का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने शहर में चल रहे जनहितकारी कार्यों की जानकारी भी नागरिकों को दी। उन्होंने कहा कि ‘मंथन’ कार्यक्रम जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद का सशक्त सेतु है, जो बिलासपुर के विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। कार्यक्रम में जुड़े नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करने वाला सकारात्मक प्रयास बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *