बच्चों की जान बचाने में खुद घायल हुए सरपंच,
मानवता की मिसाल बने संदीप सिंह ठाकुर
बिलासपुर/मुंगेली। रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया जब मुंगेली के सक्रिय युवा सरपंच संदीप सिंह ठाकुर बाल-बाल बच गए। मिली जानकारी के अनुसार वे सुबह करीब 6 बजे मुंगेली से अपने गांव खेकतरा जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही उनकी गाड़ी बंधवा पुल के पास पहुंची। अचानक कुछ बच्चे सड़क पर आ गए। बच्चों को बचाने के प्रयास में सरपंच ने तुरंत वाहन से नियंत्रण खो दिया। जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा घुसी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि उनके हाथ में गंभीर चोट आई है और एक्स-रे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। हालांकि शरीर के अन्य हिस्सों में कोई जानलेवा चोट नहीं है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामवासी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जान रहे हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।