बर्जेस अंग्रेजी शाला के बच्चों की प्रतिभा निखार रहा समर कैंप

बिलासपुर। शहर के बर्जेस अंग्रेजी शाला में 17 मार्च से आयोजित समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इस कैंप में विद्यार्थियों को जुंबा डांस, ट्रेडिशनल डांस, आर्ट एंड क्राफ्ट, मिट्टी से दीये बनाना और ताइक्वांडो जैसे विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


कैंप की खास बात यह है कि बच्चों के शारीरिक और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत फिजियोथेरेपिस्ट और डेंटिस्ट द्वारा बच्चों को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है, जिससे वे बचपन से ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक बनें।

शाला की प्राचार्या श्रीमती निशिता हंसा दास ने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों के खाली समय का सदुपयोग करना और उन्हें विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के बाद बच्चे अक्सर समय का सही उपयोग नहीं कर पाते, ऐसे में यह कैंप उन्हें सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है, जिससे उनकी प्रतिभा निखर रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि कैंप में विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण देना प्राथमिकता है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सीख मिल सके।
समर कैंप के सफल संचालन में जावेद अली, सीमा सिंह, आकांक्षा ताम्रकार, रेणु महाजन और जोआना का विशेष योगदान रहा है।
