बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्र हुआ सैनिटाइज,विभाग ने जारी किया प्रमाण पत्र, सर्विलांस जोन में अंडा और चिकन दुकानों को राहत
बिलासपुर। कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रिक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवायें द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कलिंग, चूना छिड़काव और सैनिटाइजेशन के बाद प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया है। हालांकि, पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग अगले तीन महीनों तक सघन निगरानी रखेगा और चार चरणों में नमूनों की जांच की जाएगी।
सैनिटाइजेशन प्रमाण-पत्र जारी होने के बाद अब 1 से 10 किलोमीटर के सर्विलांस जोन में नमूने एकत्र किए जाएंगे। प्रत्येक 15 दिन के अंतराल पर बर्ड फ्लू जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे, और यदि लगातार चार बार (लगभग दो माह) तक रिपोर्ट निगेटिव आती है, तभी इस जोन को पूरी तरह डिजीज मुक्त घोषित किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया में कम से कम 3 माह का समय लगने का अनुमान है। वर्तमान में प्रभावित 0-1 किलोमीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के पक्षी पालन और विक्रय पर कड़ाई से प्रतिबंध लागू रहेगा।
3 महीने तक कोनी कुक्कुट केंद्र में नहीं होगा पक्षी पालन:–
संक्रमित क्षेत्र (0-1 किमी) में सुरक्षा के लिहाज से अगले 3 महीने तक किसी भी प्रकार के पक्षी पालन और विक्रय पर रोक लगा दी गई है। विभाग का कहना है कि जब तक निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर क्षेत्र को डिजीज मुक्त घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक नया कुक्कुट पालन शुरू नहीं किया जा सकेगा। विभाग ने समस्त कुक्कुट पालकों से अपील की है कि वे केंद्र सरकार के एसओपी का पालन करें और किसी भी पक्षी की अचानक मृत्यु होने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।