Blog

मस्तूरी में गोलियों की तड़तड़ाहट से मचा हड़कंप…..जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के ऑफिस के बाहर दो बाइक सवार नकाबपोशों ने की अंधाधुंध फायरिंग…..दो लोग गंभीर रूप से हुए घायल

पुरानी रंजिश और जमीन विवाद का मामला आ रहा सामने

बिलासपुर ।मस्तूरी में मंगलवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब कांग्रेस पार्टी से जुड़े जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के ऑफिस के सामने दो बाइक सवार चार नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। शाम करीब 5:45 बजे बस स्टैंड के पास उपाध्यक्ष नितेश सिंह के कार्यालय के सामने यह दिल दहला देने वाली घटना घटी ।जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


गोलीमारने का कारण अब तक पता नहीं चल सका है और परिवार वालो को भी समझ नहीं आ रहा है कि आखिर गोली किसने और क्यों मारी है।
और उसका इरादा क्या था।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम नितेश सिंह, तमेश सिंह, टुकेश सिंह, फेकू सिंह, बबला सिंह, संतोष राठौर, प्रमोद शर्मा और कल्लू यादव के साथ ऑफिस के बाहर बैठे हुए थे। तभी जोन्धरा चौक मस्तूरी तरफ से अचानक 2 बाइक में सवार चार नकाबपोश जो गमछे में अपने चेहरे को छुपाए हुए थे आरोपी अचानक वहां पहुंचे। दोनों बाईकों में सवार 4 आरोपियों में पीछे बैठे वाले दो आरोपियों ने ऑफिस के बाहर पहुँचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।अचानक फायरिंग होते देख अफरा तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने करीब 12 राउंड से अधिक गोलियां चलाईं। । सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच सभी आरोपी मौके से बिलासपुर की तरफ अपने बाइक से भाग निकले। वही गोलीबारी में मुड़पार निवासी पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ में और किरारी निवासी राजू सिंह के पैर में गोली लग गई। दोनों लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इधर गोलीकांड की खबर से मस्तूरी थाना पुलिस के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। क्षेत्र में तुरंत नाकेबंदी कर दी गई और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से खोखे और अन्य सबूत इकट्ठे किए हैं।पुलिस फिलहाल इस हमले को पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी तत्काल अपोलो पहुंचे और एएसपी और एफएसएल की टीम को मौके पर भेजा। इसके अलावा आसपास के सभी थानों को एसएसपी के निर्देश पर अलर्ट कर दिया गया है और संभावित रास्तों पर चेकिंग जारी है।

दहशत में दुकानों के शटर हुए बंद

स्थानीय लोगों ने बताया कि फायरिंग इतनी तीव्र थी कि पूरे आसपास में भगदड़ मच गई। दुकानदारों ने तत्काल अपने शटर गिरा दिए। आसपास के लोग दहशत में आ गए वही पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस अधिकारी बोले,पूर्व नियोजित घटना

पुलिस अधिकारी इसे पूर्व नियोजित हमला मान रहे हैं। घटना ने न केवल मस्तूरी बल्कि पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात आखिर कैसे हो गई। बिलासपुर में मस्तूरी गोलीकांड की यह वारदात कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है और क्षेत्र में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

पूरे जिले में पुलिस ने की नाकेबंदी

पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में टीमों को भेजा गया है।आने जाने वाले बाइक और कार को बारीकी से जांच करके खोजबीन की जा रही है।पुलिस संदेहियों की तलाश करके आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिश में लगी हुई है।

आपसी रंजिश और जमीन विवाद का मामला आ रहा सामने

सूत्र बस रहे है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश या पुराने विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।जिसमें पारिवारिक और जमीन विवाद से मामला ज्यादा हुआ है।पुलिस हर उन पहलुओं की जांच कर रही है जिसमें गोलीकांड की घटना से जुड़ी कड़ी को देखा जा सके।

मौके से बरामद खोखा और सीसीटीवी फुटेज की जांच

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से बरामद खोखों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की खोज बिन में जुटी है।इसके लिए खोखा और शहर के पूरे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करके
आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।

ऑफिस के सामने कुर्सी मे रोज बैठे रहते है बाहर

मुख्य मार्ग पर नहर किनारे स्थित तिवारी होटल के सामने ठाकुर ब्रदर्स का ऑफिस है, जिसका संचालन टुकेश सिंह और तमेंश सिंह करते हैं। उसी ऑफिस के बाहर वे लोग कुर्सियों पर बैठे थे, तभी नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। बिना कुछ बोले उन्होंने ऑफिस के सामने बैठे लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।जिससे दहशत बना रहा।

कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

मस्तूरी पुलिस एक नहीं बल्कि कई एंगल से जांच करने में जुटी हुई है।इसमें मस्तूरी के ही विश्वजीत अनंत के साथ जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के बीच श्रीकांत वर्मा मार्ग में विवाद होना और उसके बाद आपसी दुश्मनी होने की कड़ी को देखा जा रहा है।इसी तरह जमीन विवाद और पुराने रंजिश को लेकर भी पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे है।इसके साथ ही बसों से अवैध वसूली करने के माली भी विवाद की कड़ी को भी जोडकर देखा जा रहा है।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों को भी देखा जा रहा

पुलिस सूत्र बता रहे है कि तमेश और तुकेश सिंह का वर्चस्व है।जिसके कारण अक्सर उनकी गुंडागर्दी और मारपीट।की शिकायत आती रहती है।इसके अलावा जनपद उपाध्यक्ष का भी विवादों से नाता रहता है।यही कारण है कि बाइक सवार नकाबपोशों ने किसको गोली मारने पहुंचे थे और क्यों गोली मारने आए इन पहलुओं की जांच करने में जुटी हुई है।इसके लिए पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पुराने मामले की भी जांच करके संदेहियों की जांच पड़ताल कर रही है।

साइबर सेल और मस्तूरी पुलिस की टीम जुटी जांच में

पुलिस ने बताया कि इसके लिए एसएसपी के निर्देश पर साइबर सेल और मस्तूरी पुलिस के अलावा अन्य टीमों को भी सर्तक करके खोजबीन शुरू कर दी गई है।उम्मीद है फरार आरोपी जल्द गिरफ्तार हो जाएंगे।शहर और आसपास के सीसीटीवी और बिना नंबर की गाड़ियों की जांच बारीकी से की जा रही है।

कई अनसुलझे सवाल,जवाब सिर्फ आरोपियों के पास

इस गोलीकांड की घटना ने मस्तूरी को नहीं बल्कि बिलासपुर और प्रदेश को हिला कर रख दिया है।
लेकिन इसमें जो।अनसुलझे सवाल है वो लोगो से यही पूछ रहे है कि आखिर गोलीमारने वाले कौन थे और किसको गोली मारने आए थे,जबकि बाहर में कई लोग बैठे हुए थे अगर किसी से दुश्मनी।थी तो उसको गोली मारते,लेकिन अंधाधुंध गोली मारकर निकल गए और गोली किसी और लगी।ऐसे कई सवाल है जिसका जवाब सिर्फ फरार आरोपी ही दे सकते है।

ऑफिस के सामने बैठे लोगो की जान सामने खड़ी गाड़ियों ने बचाई जान

पुलिस ने बताया कि ऑफिस के सामने बैठे लोगो की जांच उस वक्त बची जब बाइक सवार चार लोग आए और बाइक से बिना उतरे अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी,उस वक्त कुर्सी मे बैठे लोगो के सामने लाइन से कार खड़ी हुई थी,जिसके कारण किसी को गोली सही तरीके से नहीं लग सकी,अन्यथा किसी को अपनी जान से हाथ भी धोना पड़ सकता था।गोलियां चलते देखकर कुर्सी मे बैठे हुए लोग भागने लगे और कुर्सी फेंककर मारने लगे जिससे डरकर बाइक सवार नकाबपोश फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से मिली बड़ी जानकारी

फुटेज में साफ दिख रहा है कि चारों हमलावर जोंधरा चौक की दिशा से दो अलग-अलग बाइकों में सवार होकर नितेश सिंह ठाकुर के ऑफिस की ओर आते हैं। ऑफिस के बाहर पहुंचते ही उन्होंने बिना किसी झिझक के अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और फिर मौके से फरार हो गए। सभी हमलावरों ने अपने चेहरे नकाब से ढंके हुए थे ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने फुटेज को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

राजनीतिक और निजी रंजिश के एंगल पर भी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी संभावित एंगल पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और जमीन विवाद को लेकर शक जताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, हमले से कुछ दिन पहले भी नितेश सिंह को धमकी भरे फोन आए थे, जिसे लेकर उन्होंने पुलिस को मौखिक जानकारी दी थी।

क्षेत्र में तनाव,सुरक्षा के कड़े इंतजाम

घटना के बाद से मस्तूरी क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

वर्जन
बाइक सवार चार नकाबपोश की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।चारो तरफ नाकेबंदी करके खोजबीन की जा रही है।गोली मारने वालो को जल्द पकड़ लिया जायेगा।

अर्चना झा
एएसपी ग्रामीण बिलासपुर

वर्जन
गोली चलाने वाले दो लोग रहे और अंधाधुंध गोली चलाकर जान लेने की कोशिश की,गोली क्यों मारे है नहीं मालूम।जरूर किसी ने पहले से रेकी की होगी और मालूम होगा कि हम लोग शाम को बैठते है।

नितेश सिंह
जनपद उपाध्यक्ष मस्तूरी

वर्जन
गोली मारने वालो ने 10 से अधिक राउंड फायर किया है।जिससे दो लोगों को चोट लगी हुई है।गोली मारने वालो की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।उम्मीद है आरोपी जल्द गिरफ्तार हो जाएंगे।हमला का कारण किसी को पता नहीं है।लेकिन पीड़ितों से भी हर मामले की पूछताछ की जा रही है।

रजनेश सिंह
एसएसपी बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *