बाइक सवार फॉरेस्ट कर्मी डिवाइडर से टकराए..मौके पर हुई दर्दनाक मौत,हेलमेट नहीं पहनने से गई जान,साथी गंभीर

बिलासपुर।रतनपुर थाना क्षेत्र के रैनपुर के पास देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में फॉरेस्ट विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान अमरनाथ पटेल 38 वर्ष पिता जनकु राम पटेल, निवासी हरदी बाजार (कोरबा) के रूप में हुई है, जो फॉरेस्ट विभाग के गुरसिया में पदस्थ थे।
मिली जानकारी के अनुसार अमरनाथ पटेल अपने एक साथी के साथ शासकीय कार्य से बिलासपुर गए हुए थे
देर रात काम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रैनपुर के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय अमरनाथ पटेल ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। यही चोट उनकी मौत की मुख्य वजह बनी। यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता, तो संभव है कि उनकी जान बच सकती थी।हादसे में घायल दूसरे युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि रात में वाहन चलाते समय सतर्कता, नियंत्रित गति और हेलमेट का उपयोग जीवन बचा सकता है। एक छोटी सी लापरवाही ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया।