Blog

बाईक सवार ने महिला का पर्स,मोबाइल और नगदी लेकर हो गए फरार

बिलासपुर। तखतपुर के देवरी ग्राम स्थित डीएवी स्कूल के पास बुधवार सुबह करीब 11.20 बजे एक महिला से झपटमारी की सनसनीखेज वारदात हुई। ग्राम नगोई निवासी रीमा साहू अपने पति और दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम पिरैया चकरभाठा में एक शादी समारोह से लौट रही थीं। जब वे देवरी स्थित डीएवी स्कूल के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने चलते वाहन से रीमा साहू के कंधे में लटका हुआ लाइट पिंक कलर का पर्स झपट लिया। झपटमारी के बाद आरोपी बाइक सवार युवक तेजी से तखतपुर की ओर भाग निकले। रीमा साहू और उनके पति ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन आरोपियों की बाइक बिना नंबर प्लेट की थी और वे तेजी से निकल गए। पीड़िता के अनुसार, झपटे गए पर्स में 500 रुपये नकद, एक POCO कंपनी का मोबाइल फोन (जिसमें जियो सिम लगी है), बाजारू हार, श्रृंगार का सामान आदि रखा हुआ था। मोबाइल का IMEI नंबर भी पीड़िता ने पुलिस को उपलब्ध कराया है। घटना के बाद रीमा साहू ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को इस बारे में जानकारी दी और तत्काल तखतपुर थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात दो बाइक सवार युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *