Blog

बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला…सरकारी कर्मचारी से मारपीट, आरोपी पर केस दर्ज

बिलासपुर कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पटैता में बिजली विभाग की जांच टीम पर हमला और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में विजय साहू के खिलाफ धारा अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवशंकर बिंझवार 26 वर्ष, निवासी ग्राम कलमीटार थाना रतनपुर, वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित, करगीरोड कोटा ग्रामीण वितरण केंद्र में लाइन परिचालक श्रेणी-03 के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने थाना कोटा में दर्ज शिकायत में बताया कि 6 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे वे अपने सहकर्मी रघुनाथ धीवर, सहायक लाइनमैन, के साथ ग्राम पटैता स्थित शोभाराम साहू के परिसर में संचालित हालर मिल की रीडिंग लेने पहुंचे थे। जांच के दौरान टीम ने पाया कि उपभोक्ता द्वारा मीटर से हालर मिल चलाने के अलावा डायरेक्ट हुकिंग कर आटा चक्की भी संचालित की जा रही थी। इस पर कर्मचारियों ने आपत्ति जताई और अवैध बिजली उपयोग का वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान विजय साहू पिता मनहरण साहू ने जांच कार्य का विरोध करते हुए कर्मचारियों को रोकने की कोशिश
की। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने शिवशंकर बिंझवार का कॉलर पकड़ लिया, उनका कपड़ा फाड़ दिया और पीठ पर कई बार मारपीट की। घटना से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पीड़ित कर्मचारी ने इसे शासकीय कार्य में बाधा और सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट का गंभीर मामला बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। कोटा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है तथा अवैध बिजली उपयोग और मारपीट दोनों पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *