बिजली विभाग के तीन रिश्वतखोर अधिकारी और बाबू रिश्वत लेते हुए पकड़ाए

ट्रांसफार्मर लगाने मांगे थे 35 हजार रुपए
बिलासपुर। एसीबी की टीम ने सीएसपीडीसीएल के 3 इंजीनियरों और एक लेखपाल को 35 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। तीनो ने ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने के लिए रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने फ्लाईऐश ब्रिक्स का प्लांट लगाने के लिए ट्रांसफॉर्मर और मीटर लगाने के लिए आवेदन किया था।
दरअसल छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एसीबी की टीम ने जांजगीर में ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए 35 हजार रिश्वत लेते हुए 3 अधिकारियों को पकड़ लिया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के सहायक अभियंता विजय नोर्गे, उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है। जांजगीर निवासी प्रदीप यादव ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह ग्राम खोखसा में फ्लाई ऐश ब्रिक्स का प्लांट लगाना चाहता है। इसके लिए ट्रांसफॉर्मर लगाने का आवेदन सीएसपीडीसीएल कार्यालय जांजगीर में दिया गया था। डिमांड नोट भी जमा कर दिया गया था। इसके बावजूद ट्रांसफार्मर और मीटर लगाने के लिए अधिकारियों ने 35 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी ने पहले शिकायत का सत्यापन कराया जब आरोप सही पाया गया तो ट्रैप करने की योजना बनाई। 20 मार्च को शिकायतकर्ता को रिश्वत राशि देने के लिए सीएसपीडीसीएल कार्यालय भेजा। उसने उप अभियंता राजेंद्र शुक्ला को 10 हजार रुपए दिए, जबकि सहायक अभियंता विजय नोर्गे के कहने पर 25 हजार रुपए उनके सहायक देवेंद्र राठौर को दिया। रिश्वत की राशि देने के बाद एसीबी की टीम को जैसे ही संकेत मिला आसपास मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया। एसीबी की टीम ने आरोपियों के पास से कुल 35 हजार रुपए जप्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया। रिश्वतखोर अधिकारियों को देखने के लिए कार्यालय में भीड़ लग गई। एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
*एसीबी की अपील,रिश्वतखोरों से सावधान*
एसीबी ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दे।सरकारी कार्यालय में कोई भी अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो तत्काल उसकी सूचना दे।