बिलासपुर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ने भरी एम्स के साथ उड़ान: स्वास्थ्य सुविधाओं में क्रांति, अब अपने ही शहर में मिलेगा विश्वस्तरीय इलाज

बिलासपुर ।KSSDSJJ शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, बिलासपुर एवं अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर के बीच समझौता ज्ञापन का कार्य संपन्न किया गया । इस अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, अधिष्ठाता रिसर्च डॉ अभिरुचि गल्होत्रा, सह अधिष्ठाता रिसर्च डॉ एकता खंडेलवाल तथा अतिरिक्त प्राध्यापक डॉ राकेश गुप्ता एवं KSSDSJJ शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, बिलासपुर से चिकित्सा अधीक्षक डॉ भानु प्रताप सिंह, प्रोफेसर डॉ अर्चना सिंह एवं डॉ अभिषेक कुमार, एसोसिएट प्रोफेसर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि इस ऐतिहासिक MoU के माध्यम से हमारे डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ को एम्स जैसे उत्कृष्ट संस्थान से जोड़कर, उन्हें समय-समय पर नवीनतम तकनीकों और उन्नत चिकित्सा पद्धतियों का प्रशिक्षण प्राप्त होगा। स्टेट गवर्नमेंट के संस्थान को रिसर्च कार्य करने में और नए तकनीको को लागू करने में सहायता मिलेगी और इसका प्रत्यक्ष लाभ प्रदेश के आम नागरिकों को मिलेगा, क्योंकि उन्हें अपने ही शहर में उच्चतम स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
एम्स केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में अपनी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली, उत्कृष्ट नैदानिक अभ्यास और उच्च गुणवत्ता वाले शोध के लिए विख्यात है और प्रसिद्ध है।
डॉ सिंह ने बताया कि बिलासपुर के कमिश्नर श्री सुनील जैन जी एवं कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल जी ने उन्हें प्रेरित किया कि वे एम्स , रायपुर का भ्रमण करें और वहाँ की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का अनुभव लेकर बिलासपुर के सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भी वैसी ही सुविधाओं का विकास करें ।
एम्स, रायपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल ने डॉ सिंह को भरोसा दिलाया कि एम्स हमेशा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, बिलासपुर के चिकित्स्कों, नर्सो एवं कर्मचारियों कि क्लीनिकल ट्रेनिंग, संकाय आदान-प्रदान, सहयोगी शोध , टेलीमेडिसिन सेवाओं, तथा बहु-केंद्रीय अध्ययन में जरूरी मदद एवं सहयोग प्रदान करेगा ।
एम्स, रायपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ जिंदल ने छत्तीसगढ़ शासन का भी धन्यवाद् किया जो हमेशा सार्वजनिक स्वास्थ्य मॉडल के समन्वयन को बढ़ावा देते है।