बिलासपुर को ‘ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन’ बनाने की कवायद तेज, सड़कों पर उतरेगी पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम
व्यापारियों को सख्त हिदायत, दुकानों के बाहर पार्किंग व्यवस्था के लिए तैनात करने होंगे गार्ड, नियमों की अनदेखी पर दर्ज होगी FIR…
बिलासपुर।शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने अब कड़े तेवर अपना लिए हैं। बिलासपुर को क्रमशः ‘ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन’ के रूप में विकसित करने की दिशा में एक वृहद अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम के तहत निर्धारित सेक्टरों में न केवल वाहनों की चेकिंग की जा रही है, बल्कि सड़कों पर अवैध कब्जा करने वाले और यातायात बाधित करने वाले व्यवसायियों के विरुद्ध भी दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि यदि दुकानों के सामने अव्यवस्थित पार्किंग से आम जनता का रास्ता अवरुद्ध हुआ, तो अब केवल चालान नहीं, बल्कि आपराधिक प्रकरण (FIR) भी दर्ज किए जाएंगे…..
वी ओ) राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत शहर के प्रमुख मार्गों को विभिन्न चरणों में मॉडल जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रथम चरण में अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, श्रीकांत वर्मा मार्ग और महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक तक के क्षेत्र को लक्षित किया गया है। इन इलाकों में पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें नियमित रूप से गश्त कर रही हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर नागरिकों और व्यापारियों को जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी दुकानों के सामने ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए निजी गार्ड या व्यवस्थापक तैनात करें।आगामी दिनों में इस अभियान का विस्तार शहर के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के आधार पर जब तक नागरिक और व्यवसायी इस सामाजिक सरोकार में अपना सहयोग प्रदान नहीं करेंगे, तब तक आदर्श यातायात व्यवस्था संभव नहीं है। सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सड़कों को बाधा मुक्त रखना प्राथमिकता है और इस कार्य में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सघन चेकिंग और कठोर वैधानिक कार्यवाही के माध्यम से शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने का यह अभियान अब निरंतर जारी रहेगा……