बिलासपुर–मुंगेली मार्ग पर बढ़ते हादसे, लोगों में डर का माहौल
संकेतक बोर्ड और सुरक्षा उपायों की कमी, एनएच विभाग की अनदेखी
बिलासपुर। मुंगेली मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात तखतपुर-बिलासपुर मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे गड्ढे से गुजरने के बाद वाहन का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर यातायात कम था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। बिलासपुर से तखतपुर के बीच कई स्कूल, अंधे मोड़ और छोटी पुलिया मौजूद हैं, जहां संकेतक बोर्ड और चेतावनी चिन्हों की सख्त जरूरत है। इसके अलावा सड़क पर मवेशियों का जमावड़ा भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि डेड स्पॉट की पहचान कर वहां उचित संकेतक बोर्ड लगाए जाएं और सड़क की मरम्मत की जाए, ताकि हादसों पर लगाम लग सके। अब जरूरत है कि विभाग गंभीरता दिखाते हुए इन घटनाओं की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए।