Blog

बिलासपुर में ऑपरेशन सिंदूर थीम पर तैयार हो रही है अनोखी राखी

साईं बाबा को की जाएगी अर्पित

बिलासपुर।रक्षाबंधन के अवसर पर बिलासपुर में एक अनोखी और ऐतिहासिक राखी तैयार की जा रही है, जो देशभक्ति, बहादुरी और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगी। “ऑपरेशन सिंदूर” थीम पर आधारित यह राखी 6 फीट चौड़ी और 30 फीट लंबी होगी। इसे तैयार करने का उद्देश्य देश की रक्षा में जुटे जवानों के सम्मान में एक विशेष संदेश देना है। इस विशेष राखी को शिरडी ले जाकर साईं बाबा को अर्पित किया जाएगा। वहां यह राखी एक प्रतीकात्मक भेंट के रूप में प्रस्तुत की जाएगी, और देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और साहस के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि साईं बाबा के चरणों में यह राखी समर्पित कर देशवासियों की सामूहिक भावना को जोड़ा जाएगा। राखी में देश के सर्वोच्च रक्षा एवं नेतृत्व पदों पर आसीन प्रमुखों की छवियां शामिल की गई हैं। इसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, तीनों सेनाओं के प्रमुख और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की तस्वीरें प्रमुखता से प्रदर्शित की गई हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों की तस्वीरें भी राखी पर अंकित हैं। इस राखी की सबसे खास बात है कि इसमें “ऑपरेशन सिंदूर” के नेतृत्व से जुड़ी दो महिला सैन्य अधिकारियों कर्नल सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह की छवियां भी जोड़ी गई हैं। यह संदेश देता है कि देश की रक्षा में महिलाएं भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और समान रूप से सम्मान की हकदार हैं। इस विशाल राखी को बनाने का कार्य सामाजिक संगठनों, युवाओं और कलाकारों की एक टीम द्वारा मिलकर किया जा रहा है। इसे राष्ट्रीय एकता,सुरक्षा और बहादुरी का प्रतीक माना जा रहा है।आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सिर्फ धार्मिक भावना नहीं, बल्कि देशप्रेम और जवानों के प्रति आभार व्यक्त करना है।
राखी की तैयारियों को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है।शहर के लोग इस अनोखी पहल को सराह रहे हैं और इसे एक प्रेरणादायक संदेश मान रहे हैं। यह राखी न सिर्फ एक त्योहार की प्रतीक है,बल्कि यह देश के लिए मर-मिटने वालों के सम्मान में एक भावनात्मक और सशक्त कदम के रूप में सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *