Blog

बिलासपुर में सफाईकर्मियों से वेतन और दुर्व्यवहार का मामला गरमाया

समय पर वेतन न मिलने से 1600 कर्मियों पर आर्थिक संकट, कामकाज पर भी असर

बिलासपुर ।नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था संभाल रहे करीब 1600 सफाईकर्मियों ने वेतन में विलंब और प्रबंधन की कथित मनमानी के खिलाफ आवाज बुलंद की है। लाइयन सर्विसेज़ कंपनी के अफसरों की लापरवाही के कारण सफाईकर्मियों को 2 माह से वेतन नही मिला है। इससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट और पारिवारिक दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। आरोप है कि सफाईकर्मियों से हर महीने नियमों के खिलाफ फेरबदल कर मनमाने तरीके से शिफ्ट बदल दी जाती है, जिससे कई बार एक ही दिन में डबल ड्यूटी करनी पड़ती है। छुट्टी लेने पर वेतन काटने के साथ नौकरी से निकालने तक की धमकी दी जाती है। इतना ही नहीं, रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान भी सुरक्षा उपकरण, बरसाती और दस्ताने आदि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को लगातार जोखिम उठाकर काम करना पड़ रहा है।
यूनियन ने विशेष तौर पर महिला सफाईकर्मियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया है। आरोप है कि कुछ अधिकारी दफ्तर में बुलाकर महिला कर्मियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करते हैं और शिकायत करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। सफाई के दौरान बीमारी या प्रदूषण से तबीयत बिगड़ने पर छुट्टी मंजूर नहीं की जाती, उलटा अनुपस्थित दिखाकर टर्मिनेट करने जैसी कार्रवाई की जाती है। तमाम दबावों और उत्पीड़न के कारण कार्यस्थल का वातावरण बेहद दूषित हो गया है और सफाईकर्मियों का मनोबल टूटता जा रहा है। उनका कहना है कि लगातार परेशानियों के बावजूद सफाईकर्मी पूरी ईमानदारी से शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए हुए हैं, लेकिन समय पर वेतन और सम्मानजनक व्यवहार न मिलने से अब उनकी सहनशीलता की सीमा खत्म होती जा रही है। इस संबंध मे बडी संख्या मे सफाई कर्मी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *