बिलासपुर रेलवे में निर्माण कार्यों की रफ्तार तेज
मानसून में भी नहीं थमेगा स्टेशन री-डेवलपमेंट का सफर
बिलासपुर ।रेलवे मंडल इन दिनों तेज़ विकास की पटरी पर दौड़ रहा है। स्टेशन के री-डेवलपमेंट से लेकर प्लेटफॉर्म नंबर 10 के निर्माण तक कई अहम प्रोजेक्ट्स को गति दी जा रही है। रेलवे प्रबंधन ने यह साफ कर दिया है कि आगामी मानसून के मौसम में भी इन कार्यों पर ब्रेक नहीं लगेगा।
बिलासपुर स्टेशन परिसर में चल रहे कार्यों में ओवरब्रिज का विस्तार, रैम्प व सीढ़ियों की स्थापना, और वेटिंग एरिया का विस्तार जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। प्लेटफॉर्म नंबर 10 का निर्माण भी लगभग अंतिम चरण में है, जो आने वाले समय में ट्रेनों के संचालन को और सुगम बनाएगा।रेलवे मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सभी कार्यों को मौसम के अनुसार इस तरह योजनाबद्ध किया गया है कि बारिश की वजह से केवल उन्हीं कार्यों को रोका जाएगा जो तकनीकी रूप से प्रभावित हो सकते हैं, जबकि बाकी सभी गतिविधियां पूर्ववत जारी रहेंगी।उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम ने पूरे सालभर के मौसम चक्र को ध्यान में रखकर कार्यों की टाइमिंग तय की है।वाटर-प्रूफिंग, इनडोर कंस्ट्रक्शन और सिस्टम इंस्टॉलेशन जैसे काम मानसून के दौरान भी चलेंगे, जिससे प्रोजेक्ट में किसी तरह की देरी न हो।रेलवे की यह रणनीति केवल निर्माण कार्य की समयबद्धता ही नहीं दिखाती, बल्कि यह भी संकेत देती है कि अब परियोजनाओं को मौसमी रुकावटों से ऊपर उठकर पूरी व्यावसायिक दक्षता के साथ अंजाम दिया जा रहा है। जनता को इसका सीधा लाभ सुविधाओं के रूप में मिलेगा।फिलहाल अब देखना होगा कि ये तेज़ रफ्तार प्रगति आगामी महीनों तक बनी रहती है या नहीं। यदि योजनानुसार काम चलता रहा तो बिलासपुर स्टेशन आने वाले समय में एक आधुनिक और मॉडल स्टेशन के रूप में यात्रियों को एक नई पहचान देने जा रहा है।