बिलासपुर: शिव टॉकीज चौक पर स्कूटी सवार युवती से झपटमारी.. अज्ञात स्कूटी सवार बदमाश ने घटना को दिया अंजाम,
बिलासपुर – सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में झपटमारी की घटना सामने आई है, जहां एक अज्ञात स्कूटी सवार बदमाश ने युवती का पर्स छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी चट्रती रीता, निवासी देवरी खुर्द 23 फरवरी 2026 को अपनी स्कूटी क्रमांक CG10AP2103 से अपनी 12 वर्षीय बेटी और 19 वर्षीय भतीजी के साथ जीत कॉन्टिनेंटल होटल में एक पार्टी में शामिल होने जा रही थीं। जब वे शिव टाकीज चौक के पास स्थित होटल के करीब पहुंचीं, तभी पीछे से काले रंग की स्कूटी पर सवार एक अज्ञात युवक आया।
बताया गया कि आरोपी ने अचानक पीछे बैठी भतीजी के हाथ में रखे पर्स पर झपट्टा मारा और उसे छीनकर तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गया। पर्स में एक वीवो Y53 मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, नगद 4500 रुपये तथा घर और अलमारी की चाबियां रखी थीं। कुल नुकसान लगभग 23,500 रुपये बताया गया है। घटना के बाद पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इलाके में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है।