Blog

बृहस्पति बाज़ार व्यापारियो का निगम दस्ता पर गंभीर आरोप

बिलासपुर।सोमवार की रात आठ बजे बिलासपुर स्थित बृहस्पति बाज़ार में नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान एक बार फिर जोरदार विवाद की स्थिति बन गई। कार्रवाई शुरू होते ही दस्ते और स्थानीय व्यापारियों के बीच बहसबाजी बढ़ती गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह स्थिति अचानक नहीं बनी, बल्कि लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच खींचतान जारी है। जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण दस्ता बृहस्पति बाज़ार क्षेत्र में फैले दुकानों और ठेलों के सामान हटाने पहुँचा था। इस दौरान दुकानदारों के बाहर रखे सामान और ठेलों पर रखे कई आइटम को जब्त किया गया। व्यापारियों का आरोप है उनके कीमती सामान को उठाकर गाड़ियों में डाल दिया गया।

दुकानदारों ने अतिक्रमण दस्ते पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी रात के समय कार्रवाई करने आते हैं और पीली पट्टी के भीतर व्यवस्थित तरीके से रखे सामान को भी उठा ले जाते हैं। विरोध करने पर व्यापारियों का कहना है कि उनसे अभद्र भाषा में बात की जाती है और कई बार हाथापाई तक की नौबत आ जाती है। इसी संदर्भ में मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कपड़ा दुकानदारों ने बताया कि दस्ते के कर्मचारियों द्वारा महंगे कपड़ों और डमी को कचरे की तरह फेंक दिया जाता है, जिससे हजारों का नुकसान हो जाता है। उनका कहना है कि वे नियमों का पालन करने को तैयार हैं, लेकिन इस तरह की मनमानी ने उनका कामकाज प्रभावित कर दिया है।

दुकानदारों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है। उधर, अतिक्रमण दस्ते पर लगातार मारपीट और दबंगई के आरोप लग रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि छोटे दुकानदारों को खास तौर पर निशाना बनाया जाता है, जबकि बड़े प्रतिष्ठान अक्सर कार्रवाई से बच जाते हैं। इस वजह से बाज़ार में असंतोष बढ़ता जा रहा है और व्यापारी सुरक्षित माहौल की मांग कर रहे हैं। इस पूरे मामले पर निगम आयुक्त ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और वीडियो सहित सभी शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि नगर निगम इस बार आरोपों पर कितनी गंभीरता से कदम उठाता है और विवाद को कैसे शांत करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *