Blog

बैंक खाता खुलवाकर लाखों की धोखाधड़ी

दो आरोपियों पर मामला दर्ज

बिलासपुर । सकरी थाना क्षेत्र में बैंक खाता खुलवाने के
नाम पर जबरन धोखाधड़ी कर लाखों रुपये निकाल लेने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सूर्यदेव मंगेशकर 24 वर्ष निवासी सत्यानगर अमेरी ने थाना सकरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके सगे भाई पवन मंगेशकर और उसके साथी याकिब खान ने मिलकर उन पर दबाव डालते हुए इंडियन ओवरसीज बैंक, गौरव पथ ब्रांच जरहाभाठा में जबरन खाता खुलवाया। खाता खुलने के तुरंत बाद दोनों आरोपियों ने प्रार्थी का एटीएम कार्ड और पासबुक अपने कब्जे में ले लिया। शिकायत में बताया गया कि खाता खोलते समय आरोपी याकिब खान ने अपना मोबाइल नंबर प्रार्थी के खाते में रजिस्टर्ड करवा दिया, जिससे खाते का पूरा नियंत्रण उसके हाथ में आ गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने अन्य लोगों से अवैधानिक रूप से प्रार्थी के खाते में पैसे जमा करवाए और एटीएम के माध्यम से कुल 5 लाख 51 हजार 473 रुपये निकाल लिए। जब प्रार्थी को इस बात की जानकारी मिली तो वह बैंक पहुंचा और अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया।स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि उसके खाते का गलत उपयोग कर बड़ी रकम निकाली गई है। इसके बाद उसने तत्काल थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा निकाली गई राशि की भरपाई कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पवन मंगेशकर और याकिब खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) एवं 3 (5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। चूंकि घटना स्थल सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा है, इसलिए आवेदन को संबंधित थाना सिविल लाइन भेजा गया है। पुलिस के अनुसार निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *