ब्रिगेडियर डी.के. पात्रा ने कृषि महाविद्यालय बिलासपुर में एनसीसी ‘बी’ प्रमाणपत्र परीक्षा का किया निरीक्षण

बिलासपुर, 01 मार्च 2026।
ब्रिगेडियर डी.के. पात्रा, ग्रुप कमांडर, राष्ट्रीय कैडेट कोर छत्तीसगढ़ ने आज बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर का दौरा कर एनसीसी कैडेटों की ‘बी’ प्रमाणपत्र परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। परीक्षा में कुल 456 कैडेट शामिल हुए।

परीक्षा के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों के सहायक एनसीसी अधिकारियों ने पर्यवेक्षक के रूप में सेवाएं प्रदान कीं, जबकि एनसीसी इकाई के स्थायी प्रशिक्षक (पीआई) स्टाफ ने परीक्षा संचालन में सक्रिय सहयोग किया।
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे ने ब्रिगेडियर पात्रा का स्वागत करते हुए परीक्षा की रूपरेखा, संस्थान में संचालित एनसीसी गतिविधियों तथा शोध कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी डॉ. विनोद निर्मलकर भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान ब्रिगेडियर पात्रा ने परीक्षा व्यवस्था, अनुशासन तथा कैडेटों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। संस्थान की ओर से उन्हें विश्वविद्यालय का वार्षिक पंचांग एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।

यह निरीक्षण एनसीसी प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुदृढ़ करने तथा कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
