ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर, ट्रैक्टर पलटा,युवक की मौत

बिलासपुर/जीपीएस /शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब टेंट का सामान ले जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 35 वर्षीय देवांगन सिदार की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, देवांगन सिदार ग्राम ठाकुरपोड़ी का निवासी था और बिजली विभाग में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। उसके घर में शादी के कार्यक्रम शुरु हुए थे। उसकी बारात जशपुर जिले के कोतबा गई थी, जबकि ठाकुरपोड़ी में रिसेप्शन का आयोजन किया गया था। सभी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देवांगन सिदार अपने चाचा संजय सिदार के ट्रैक्टर में टेंट का सामान लोड कर अपने दोस्तों के साथ पास के गांव बालापोढ़ी जा रहा था। रास्ते में सतीपारा सरपंच के घर के पास अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे
दबने से देवांगन सिदार के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। उसके साथ मौजूद सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार भी घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल पत्थलगांव अस्पताल ले जाया गया। देवांगन की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में नंदन झरिया के पास रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। अन्य दो घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि सीमोन एक्का की हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज जारी है। पोस्टमार्टम के बाद 11 अप्रैल को देवांगन सिदार का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है। स्थानीय लोगों ने वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों को लेकर सख्ती की मांग की है।