भक्ति के बीच खूनी खेल, नवधा रामायण आयोजन में युवक पर चाकू से हमला….
सरकंडा के चिंगराजपारा में नशेड़ियों का आतंक,
मना करने पर उपकोषाध्यक्ष पर किया जानलेवा वार……
बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ भक्ति और आस्था के बीच नशेड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। चिंगराजपारा के विश्वकर्मा चौक पर बीते 19 वर्षों से आयोजित हो रहे अखंड नवधा रामायण कार्यक्रम के दौरान दो बदमाशों ने खूनी खेल खेला। रात करीब 2:30 बजे नशे में धुत आरोपी कोमल देवांगन और गोलू दिवाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए कुर्सियों में तोड़फोड़ करने लगे। जब रामायण मंडली के उपकोषाध्यक्ष शुभम ने उन्हें रोकने की कोशिश की और उन्हें गेट से बाहर किया, तभी आरोपी कोमल ने अपने पास रखे बड़े चाकू से शुभम की कमर पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। घायल शुभम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से आक्रोशित मोहल्लेवासी और शुभम के परिजन सरकंडा थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।