Blog

भागवत कथा के दौरान सतनामी समाज को बताया गाय काटने वाला मूर्ख, सतनामी समाज के प्रदर्शन के बाद भागवताचार्य आशुतोष चैतन्य महाराज को भागवत स्थल से ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर।भागवत कथा के दौरान भागवताचार्य ने सतनामी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दी। जिस पर सतनामी समाज ने थाने का घेराव कर कार्यवाही की मांग की थी। पुलिस ने भागवताचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आज उन्हें भागवत कथा के दौरान कथास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल बिलासपुर जिले के तखतपुर तहसील में कथावाचक भागवताचार्य आशुतोष चैतन्य महाराज ने भागवत कथा के दौरान सतनामी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद सतनामी समाज ने थाने का घेराव किया और विरोध प्रदर्शन किया था। वही सतनामी समाज के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कथावाचक और भागवताचार्य आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। आज उन्हें कथास्थल से ही कथा के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।

तखतपुर के टिकरीपारा टोनही डाबरी में रहने वाले एक अधिवक्ता के घर भागवत कथा का आयोजन हो रहा है। भागवत करवाने के लिए कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को परिवार ने आमंत्रित किया है। भागवत कथा के दौरान कथावाचक ने सतनामी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दी। उन्होंने सतनामी समाज को गाय काटने वाला मूर्ख बता डाला। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सतनामी समाज के लोगों ने नाराजगी जताई और तीन दिनों पहले तखतपुर थाने का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया था। जिस पर पुलिस ने समाज की भावनाएं आहत करने पर एक्ट्रोसिटी समेत गैर जमानती धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया।

हालांकि अपराध दर्ज होने और मामला बिगड़ता देख कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज ने सतनामी समाज से वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए उन्हें अपने परिवार के समान बताया था। उनका कहना था कि दूसरे धर्मों के लोग हम हिंदुओं को जातियों में बांटकर और विवाद करवा अपनी रोटियां सेंक रहे है।

आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बिलासपुर प्रवास है। इस दौरान सतनामी समाज के लोगों के द्वारा कार्यवाही और गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किए जाने और मुख्यमंत्री से मांग किए जाने की आशंका को देखते हुए कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कथा कहने के दौरान कथा स्थल से ही भागवताचार्य आशुतोष चैतन्य महाराज को गिरफ्तार किया। विवाद की आशंका को देखते हुए उन्हें तखतपुर की बजाय सकरी थाना पुलिस लेकर पहुंची और रिमांड में भेजने हेतु लिखा पढ़ी के बाद अदालत में प्रस्तुत किया है। इस संबंध में एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट कर दिया कि चाहे व्यक्ति किसी भी वर्ग का हो या कितना भी प्रभावशाली क्यों ना हो, कानून अपना काम करेगा और कानून तोड़ने वालों पर विधिवत कार्यवाही भी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *