मंगला शराब दुकान में हेराफेरी का आरोप
स्कैनर बंद कर अवैध बिक्री, आबकारी विभाग की चुप्पी पर सवाल
बिलासपुर।मंगला स्थित अंग्रेजी शराब दुकान से बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। आरोप है कि दुकान में स्कैनर सिस्टम को जानबूझकर बंद कर नियमों को ताक पर रखकर शराब की बिक्री की जा रही है। इस पूरे मामले में सुपरवाइजर से लेकर कर्मचारियों तक की मिलीभगत की बात कही जा रही है।सूत्रों के मुताबिक शराब दुकान में स्कैनर सिस्टम बंद रखकर ग्राहकों को बिना डिजिटल एंट्री के शराब बेची जा रही है। इससे शासन को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है और अवैध बिक्री को खुला बढ़ावा मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब लंबे समय से चल रहा है।ग्राहकों का आरोप है कि स्कैनर को कभी नेटवर्क फेल तो कभी सिस्टम खराब बताकर बंद रखा जाता है। इसी दौरान खुलेआम मनमाने ढंग से शराब की बिक्री जारी रहती है। लोगों का सवाल है कि अगर सब कुछ नियमों के अनुसार है, तो फिर स्कैनर बार-बार क्यों बंद किया जाता है।सबसे बड़ा सवाल आबकारी विभाग की भूमिका को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।