मनेंद्रगढ़ में भालुओं का आतंक, अखबार हॉकर पर मिया हमला, इलाके में दहशत

मनेंद्रगढ़ – एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में भालुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। वार्ड क्रमांक 15 और 16 में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इलाके में विचरण कर रहे भालुओं ने एक अखबार हॉकर पर अचानक हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हॉकर रोज की तरह सुबह अखबार वितरण के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में अचानक सामने आए भालुओं ने उस पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि हॉकर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत साइकिल से कूदकर भागना शुरू कर दिया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में लगातार तीन भालू घूमते देखे जा रहे हैं। भालुओं की मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। खासकर सुबह और देर शाम लोग घरों से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
भालुओं के आतंक से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और सुबह-शाम टहलने वाले नागरिक खासे परेशान हैं। वार्डवासियों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर भालुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए।
वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह-शाम अकेले बाहर न निकलें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भालुओं की सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशासन को दें।